-->
Editor: Naresh Prasad Soni
Follow Us: Facebook YouTube Instagram Twitter
Showing posts with label Underworld पशु तस्कर गिरफ्तार. Show all posts
Showing posts with label Underworld पशु तस्कर गिरफ्तार. Show all posts

बंगाल ले जाए जा रहे 58 गोवंश पुलिस ने किए मुक्त, 9 अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरफ्तार

बंगाल ले जाए जा रहे 58 गोवंश पुलिस ने किए मुक्त, 9 अंतरराज्यीय पशु तस्कर गिरफ्तार

नरेश सोनी विशेष संवाददाता 

सिल्ली (राँची)। राँची पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिली थाना क्षेत्र से 58 गोवंश (बैल) को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ये तस्कर पुलिस से बचने के लिए खेतों और जंगलों के कच्चे रास्तों का सहारा लेकर गोवंशों को कसाई के हाथों बेचने के लिए बंगाल ले जा रहे थे।

गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिली थाना अंतर्गत बन्ता हजाम-श्यामनगर मार्ग पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस की टीम ने जब हजाम टोला जयनगर के टुंगरी मैदान के पास दबिश दी, तो देखा कि तस्करों का एक समूह करीब 50-60 बैलों को खदेड़ते हुए बंगाल की ओर ले जा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से सभी 58 पशुओं को जब्त कर लिया और नौ तस्करों को धर दबोचा।

पूछताछ में तस्करी के खेल का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे पुलिस की नजरों से बचने के लिए मुख्य रास्तों के बजाय जंगलों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों का प्रयोग करते थे। इन पशुओं को बंगाल ले जाकर ऊंचे दामों पर कसाई के हाथों बेच दिया जाता था। जब्त किए गए सभी बैलों को फिलहाल पंचायत प्रतिनिधि के जिम्मे सौंप दिया गया है।

ये हुए गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तस्करों में ओरमांझी के मो० जमरुद्दीन अंसारी और नेसार अंसारी, पिठौरिया के अशफाक खान, अरमान राय, अमजद खान, आशीष मुंडा, साजिद राय और अफनान अंसारी तथा अनगड़ा का उनजल उरांव शामिल है। इस कार्रवाई में सिली थाना के पु०अ०नि० रवि कुमार वर्मा, स०अ०नि० विनोद कुमार चौधरी और अन्य पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और झारखंड गोवंशीय पशु वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972