हजारीबाग की सियासत में आजसू की बड़ी सेंधमारी, पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार ने सुदेश महतो के समक्ष थामा पार्टी का दामन
रांची/हजारीबाग। झारखंड की राजधानी रांची के हरमू स्थित आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में शनिवार को हजारीबाग की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी हलचल देखने को मिली। हजारीबाग लोकसभा और सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर अपनी मजबूत पहचान बना चुके युवा नेता अभिषेक कुमार ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस मिलन समारोह में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने अभिषेक कुमार और उनके साथियों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसे हजारीबाग में आजसू के विस्तार और संगठन की मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी और सदर विधानसभा से बसपा के टिकट पर ताल ठोंक चुके अभिषेक कुमार के साथ दर्जनों युवाओं और समाजसेवियों ने भी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए 'केला छाप' का झंडा थामा। सुदेश महतो ने नवप्रवेशी सदस्यों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं के जुड़ने से पार्टी की विचारधारा जन-जन तक और मजबूती से पहुंचेगी। अभिषेक कुमार के पार्टी में शामिल होने से हजारीबाग के सियासी समीकरणों में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
इस भव्य मिलन समारोह के दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की एकजुटता भी साफ नजर आई। कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार और केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा बुद्धिजीवी मंच के रांची जिला अध्यक्ष शहजादा अनवर, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, केंद्रीय सदस्य डॉ. रोहित महतो, रांची जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित साहू, रांची जिला बुद्धिजीवी संघ के अध्यक्ष मो. सज्जाद, छात्र संघ के प्रताप सिंह, केंद्रीय सदस्य पंकज बर्नवाल और युवा आजसू रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव समेत पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने नए साथियों का स्वागत करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।

