-->
होम राशिफल
YouTube
ई-पेपर राज्य चुनें
✥ Drag to Move
▶ WATCH
EDITOR: NARESH PRASAD SONI
--:--
...
🌤
--°C
Showing posts with label Police. Show all posts
Showing posts with label Police. Show all posts

Hazaribagh: NEET परीक्षा को लेकर होटलों और लॉज में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, SP के आदेश पर कार्रवाई।

 

हजारीबाग: NEET परीक्षा को लेकर होटलों और लॉज में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, दिए कड़े निर्देश

हजारीबाग: आगामी नीट (NEET) परीक्षा को लेकर हजारीबाग पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार के आदेशानुसार बीते शुक्रवार की रात्रि को कोर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न होटलों और लॉज में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

NEET परीक्षा को लेकर होटलों और लॉज में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, SP के आदेश पर कार्रवाई।

👥 वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

​यह छापेमारी और जांच अभियान एसडीपीओ (SDPO) सदर एवं पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सीसीआर के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान कोर्रा थाना प्रभारी और पुलिस बल के जवानों ने क्षेत्र के होटलों और लॉज के कमरों, मुसाफिरों के दस्तावेजों और एंट्री रजिस्टरों की सघन जांच की।

​📋 होटल और लॉज मालिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश

​चेकिंग अभियान के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने सभी होटल और लॉज मालिकों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई आवश्यक और कड़े दिशा-निर्देश भी दिए:

  • पहचान पत्र अनिवार्य: किसी भी मुसाफिर या छात्र को बिना वैध सरकारी पहचान पत्र (ID Proof) के कमरा न दिया जाए।
  • रजिस्टर मेंटेनेंस: आने-जाने वाले हर व्यक्ति का सही नाम, पता, मोबाइल नंबर और आने का उद्देश्य रजिस्टर में तुरंत दर्ज हो।
  • संदिग्ध गतिविधि की सूचना: यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आती है, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय कोर्रा थाना या पुलिस प्रशासन को दें।

​पुलिस प्रशासन का कहना है कि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए ऐसे एहतियाती कदम आगे भी जारी रहेंगे।

और पढ़ें: हजारीबाग पुलिस का नशा माफियाओं के खिलाफ महा-अभियान: इचाक और विष्णुगढ़ में माइकिंग के जरिए सड़कों पर उतरी खाकी

हजारीबाग के जंगलों में चल रही अवैध शराब की 'मिनी फैक्ट्री' का पुलिस ने किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब और विनिर्माण सामग्री जब्त

हजारीबाग


के जंगलों में चल रही अवैध शराब की 'मिनी फैक्ट्री' का पुलिस ने किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब और विनिर्माण सामग्री जब्त

हजारीबाग/कटककमसांडी: हजारीबाग पुलिस ने जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अपने अभियान को तेज करते हुए एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई एक विशेष छापामारी अभियान में कटककमसांडी थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती आराभुसाई आदिवासी टोला के जंगलों में संचालित अवैध अंग्रेजी शराब निर्माण के एक बड़े अड्डे का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शराब माफियाओं और तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

​घटनाक्रम के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:00 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त जंगल में तस्करों द्वारा चोरी-छिपे नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई हेतु पुलिस निरीक्षक साहिद रजा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस टीम घने जंगलों के बीच स्थित झोपड़ीनुमा ढांचे के समीप पहुँची, वहां मौजूद अवैध शराब तस्कर पुलिस को देखकर जंगल और झाड़ियों का लाभ उठाते हुए भागने में सफल रहे। हालांकि, स्थानीय चौकीदार ने भाग रहे तस्करों की पहचान कर ली है, और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन प्रयास कर रही है।

​तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को झोपड़ी के भीतर से नकली शराब बनाने का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। बरामद सामग्रियों में 'इम्पीरियल ब्लू' और 'आइकॉनिक व्हाइट' जैसी नामी कंपनियों के रैपर लगे हुए दर्जनों बोतलें, स्पिरिट जैसा नशीला तरल पदार्थ और पैकेजिंग की सामग्री शामिल है। हैरानी की बात यह है कि मौके से ऐसे स्टीकर भी मिले हैं जिन पर "फॉर सेल इन पंजाब ओनली" और बारकोड अंकित थे, जो यह दर्शाता है कि तस्कर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और राजस्व की चोरी कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 200 खाली बोतलें, ढक्कन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

​इस संबंध में कटककमसांडी थाना में सुसंगत धाराओं, जिनमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275, उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (ए) और इंडियन कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63/65 शामिल हैं, के तहत कांड संख्या 21/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और विपणन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

हजारीबाग पुलिस का नशा तस्करों पर वज्रपात, लाखों की ब्राउन शुगर और विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, मुख्य पैडलर समेत आठ गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस का नशा तस्करों पर वज्रपात, लाखों की ब्राउन शुगर और विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, मुख्य पैडलर समेत आठ गिरफ्तार

हजारीबाग | हजारीबाग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक ही रात में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोर्रा और टाटीझरिया थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर और विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के सदस्यों की कमर तोड़ते हुए मुख्य पैडलर सहित कुल आठ तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

​घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी के अनुसार, पुलिस अधी


क्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के समीप कुछ संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई हेतु सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब नगवां हवाई अड्डा के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान की घेराबंदी की, तो वहां मौजूद युवक भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर सात युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 166.5 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर, 3,51,700 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिलें और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चतरा जिले का रहने वाला मुख्य पैडलर संतोष कुमार साव वहां से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के स्थानीय तस्करों के माध्यम से खपाने का कार्य करता था। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सावन कुमार, संतोष कुमार, प्रशांत कुमार, अनिल कुमार, योगेश प्रसाद और धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं, जो हजारीबाग और चतरा के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

​वहीं दूसरी ओर, शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेरते हुए टाटीझरिया पुलिस ने भी एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बौधा जंगल के रास्ते एक पिकअप वैन से शराब की तस्करी की जा रही है। दारू अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने जब जंगल में दबिश दी, तो एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी छोड़कर भागने का प्रयास किया, जिसे जवानों ने दौड़कर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लदी लगभग 60 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार तस्कर रामचंद्र साव ने स्वीकार किया कि वह इस खेप को टाटीझरिया से बिहार ले जाने की फिराक में था। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

​हजारीबाग पुलिस के लिए जनवरी 2026 का महीना नशा विमुक्ति अभियान के दृष्टिकोण से अत्यंत सफल रहा है। पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो केवल इस माह में लोहसिंघना थाना क्षेत्र से 20.5 किलोग्राम अफीम, ईचाक व कोर्रा से 212.7 ग्राम ब्राउन शुगर और दारू थाना क्षेत्र से 48 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त चौपारण में लगभग 320 एकड़ में लगी अफीम की फसल को भी पुलिस ने नष्ट कर तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार के विरुद्ध यह जीरो टॉलरेंस की नीति भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगी।

हजारीबाग के जंगलों में 'सफेद जहर' पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, ड्रोन की नजर से 200 एकड़ में फैले अफीम साम्राज्य का पर्दाफाश, 50 एकड़ फसल मौके पर खाक

हजारीबाग के जंगलों में 'सफेद जहर' पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, ड्रोन की नजर से 200 एकड़ में फैले अफीम साम्राज्य का पर्दाफाश, 50 एकड़ फसल मौके पर खाक



हजारीबाग/चौपारण।

हजारीबाग पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की कमर तोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती और दुर्गम ग्राम अंजन में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़े अभियान के तहत लगभग 50 एकड़ में लहलहा रही अवैध अफीम की फसल को जड़ से उखाड़कर नष्ट कर दिया। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई ने इलाके में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मचा दिया है।

​इस अभियान की सबसे खास बात आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग रही। पुलिस ने घने जंगलों और दुर्गम रास्तों की आड़ में छिपे अफीम के खेतों को ढूंढने के लिए ड्रोन सर्विलांस का सहारा लिया। ड्रोन सर्वे में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अंजन क्षेत्र के लगभग 200 एकड़ भू-भाग पर अवैध अफीम की खेती की गई है। इस खुलासे के बाद प्रशासन ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की और मौके पर ही 50 एकड़ फसल को विनष्ट कर दिया, साथ ही सिंचाई के लिए बिछाए गए आठ डिलीवरी पाइपों को भी ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगले तीन दिनों के भीतर शेष बचे 150 एकड़ में लगी फसल को भी पूर्ण रूप से नष्ट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

​पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूर्व में इस क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विनष्टीकरण की कार्रवाई न होने के कारण तस्करों और माफियाओं के हौसले बुलंद हो गए थे, लेकिन अब प्रशासन ने इस नेटवर्क को ध्वस्त करने की ठान ली है। पुलिस अब उन भू-माफियाओं और रैयतों का सत्यापन कर रही है जिन्होंने अपनी जमीन पर यह अवैध खेती की या करवाई है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​इस सघन छापेमारी अभियान में एसडीपीओ बरही के अलावा पुलिस निरीक्षक बरही अंचल चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, वनपाल कुलदीप कुमार समेत भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल और वन विभाग के कर्मी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में मादक पदार्थों की खेती और तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ड्रोन तकनीक के माध्यम से ऐसे दुर्गम इलाकों की निगरानी कर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हजारीबाग निकाय चुनाव,निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस कप्तान ने कसी कमर, अवैध हथियारों और शराब माफियाओं पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' की तैयारी

हजारीबाग निकाय चुनाव,निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस कप्तान ने कसी कमर, अवैध हथियारों और शराब माफियाओं पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' की तैयारी



नरेश सोनी विशेष संवाददाता झारखंड हजारीबाग।

हजारीबाग नगर निगम चुनाव 2026 के महासमर को निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की कवायद तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जिले के समस्त पुलिस महकमे के पेंच कसते हुए स्पष्ट कर दिया है कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही अक्षम्य होगी। चुनाव को लेकर पुलिस कप्तान द्वारा जारी कड़े फरमान के बाद जिले भर के सभी थाना प्रभारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को 'एक्शन मोड' में रहने का निर्देश दिया गया है।

​पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में सक्रिय असामाजिक तत्वों और चुनाव को प्रभावित करने वाले बाहुबलियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इसके तहत लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और अभियुक्तों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। चुनावी समर में बाहुबल और धनबल के प्रयोग को रोकने के लिए पुलिस ने अवैध आग्नेयास्त्रों (ई-लीगल आर्म्स) पर नकेल कसने के साथ-साथ सभी प्रकार के लाइसेंसी हथियारों के सत्यापन और उन्हें जमा कराने की प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है।

​इतना ही नहीं, मतदान को प्रलोभन मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने हेतु पुलिस को 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने को कहा गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस बल को सड़कों पर मुस्तैदी दिखानी होगी। साथ ही, संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों एवं भवनों का भौतिक सत्यापन कर सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया जाएगा ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

हजारीबाग में नशे के सौदागरों के मंसूबों पर फिरा पानी, पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर दस एकड़ में लगी अफीम की फसल को किया जमींदोज

 

हजारीबाग में नशे के सौदागरों के मंसूबों पर फिरा पानी, पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर दस एकड़ में लगी अफीम की फसल को किया जमींदोज


हजारीबाग : जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अपनी मुहिम और तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को चौपारण थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती इलाके में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम मुरानिया के जंगलों में छापेमारी करते हुए प्रशासन ने लगभग दस एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की लहलहाती खेती का पर्दाफाश किया और पूरी फसल को मौके पर ही विनष्ट कर दिया।

​बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर के नेतृत्व में चले इस सघन अभियान में चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी समेत भारी संख्या में पुलिस बल और वन विभाग के कर्मी शामिल थे। टीम ने कार्रवाई के दौरान खेत में सिंचाई के लिए बिछाए गए चार डिलीवरी पाइपों को भी जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया ताकि तस्कर दोबारा खेती न कर सकें। पुलिस अब जमीन के दस्तावेजों और स्थानीय खुफिया तंत्र के जरिए उन लोगों की पहचान करने में जुट गई है जिन्होंने यह अवैध खेती की थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोषियों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिले में नशे के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

दारू थाना प्रभारी ने माइक से अनाउंस कर लोगों को दिए सुरक्षा के मंत्र, कहा- जंजीर से बांधें गाड़ियां और लगवाएं सीसीटीवी

दारू थाना प्रभारी ने माइक से अनाउंस कर लोगों को दिए सुरक्षा के मंत्र, कहा- जंजीर से बांधें गाड़ियां और लगवाएं सीसीटीवी


नरेश सोनी विशेष संवाददाता 

हजारीबाग/दारू। हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र में वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने स्वयं कमान संभालते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पीए सिस्टम (माइक) के जरिए अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने ग्रामीणों और वाहन मालिकों को सीधे संबोधित करते हुए सुरक्षा के कड़े उपाय अपनाने की अपील की ताकि उनकी गाढ़ी कमाई से खरीदे गए वाहन सुरक्षित रह सकें।

जागरूकता अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने विशेष रूप से उन लोगों को आगाह किया जो अपने वाहन घर के बाहर खड़े करते हैं। उन्होंने सलाह दी कि घर के बाहर या जिस स्थान पर भी वाहन पार्क किए जाते हैं वहां सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। कैमरे की निगरानी से न केवल वाहन सुरक्षित रहेंगे बल्कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने चोरी से बचने के लिए एक बेहद व्यावहारिक और कारगर तरीका भी सुझाया। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों को केवल हैंडल लॉक या साधारण लॉक के भरोसे न छोड़ें बल्कि उन्हें मजबूत जंजीर या सीकड़ से बांधकर लॉक करें। पुलिस का मानना है कि दोहरी सुरक्षा अपनाने से वाहन चोरी की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है।


© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972