Hazaribagh Police Encounter: हजारीबाग के केरेडारी में राहुल दुबे गैंग से मुठभेड़, 2 सक्रिय सदस्य हथियार समेत गिरफ्तार; 1 अपराधी पैर में गोली लगने से घायल
हजारीबाग:
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे आपराधिक गिरोह के बीच देर रात सीधी मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक (SP) हजारीबाग के निर्देश पर बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
![]() |
| Hazaribagh Encounter |
परिवहन मार्ग पर पर्चा छोड़कर भाग रहे थे अपराधी
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 23/24 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि केरेडारी थाना (पगार ओपी) क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रगुप्त कोल खनन परियोजना के ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर खड़े ट्रकों एवं बुकरू-पचड़ा रोड बैरियर के समीप अपाची मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधी लेवी (रंगदारी) मांगने के उद्देश्य से पर्चा छोड़कर बुकरू जंगल की ओर भागे हैं।
सूचना मिलते ही तत्काल बड़कागांव SDPO के नेतृत्व में केरेडारी थाना प्रभारी और पगार ओपी प्रभारी ने सशस्त्र बलों के साथ बुकरू गाँव के जंगलों में सघन घेराबंदी एवं छापेमारी अभियान शुरू किया।
मुठभेड़ और पुलिस की जवाबी कार्रवाई
तड़के लगभग 3:20 बजे बुकरू गाँव के जंगल के पास एक अपाची मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस वाहन को देखते ही अपराधियों ने अपनी बाइक जंगल की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन असंतुलित होकर गिर पड़े।
- अपराधियों की ओर से फायरिंग: पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए लगातार 3-3 राउंड गोलियां चलाईं।
- पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई: पुलिस बल द्वारा सुरक्षित स्थिति (Safe Position) लेते हुए पुनः चेतावनी दी गई, लेकिन अपराधियों ने दूसरी बार फिर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए 3 राउंड फायर किए।
- गोली लगने से एक पस्त: पुलिस की जवाबी गोलीबारी में फायरिंग कर रहे अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
रंगदारी के लिए डराने का था इरादा, हुई गिरफ्तारी
पकड़ाए गए अपराधियों की पहचान निम्नलिखित रूप में की गई है:
- मो० रागीब अफजल (पिता- रफिक अंसारी), निवासी- चेपाखुर्द, थाना- डाडीकला ओपी (बड़कागांव थाना), जिला- हजारीबाग। (गोली लगने से घायल)
- जितेन्द्र सोनी (पिता- ईश्वर सोनी), निवासी- चट्टीबरियातु, थाना- पगार ओपी (केरेडारी थाना), जिला- हजारीबाग।
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि चंद्रगुप्त कंपनी द्वारा रंगदारी (लेवी) नहीं देने पर कंपनी के ट्रांसपोर्टिंग एरिया में दहशत फैलाने के उद्देश्य से उन्होंने फायरिंग की थी और गिरोह का पर्चा छोड़ा था।
बरामदगी का विवरण:
- देशी पिस्तौल: 01
- मोबाइल फोन: 03
- अपाची मोटरसाइकिल: 01
छापेमारी दल (Police Team)
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित अधिकारी व बल शामिल थे:
- अमिता आनन्द (भा०पु०से०), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव।
- पु०नि० शाहिद रजा, पुलिस निरीक्षक, बड़कागांव अंचल।
- पु०अ०नि० वेद प्रकाश पाण्डेय, थाना प्रभारी, केरेडारी थाना।
- पु०अ०नि० दिनेश मंडल, ओपी प्रभारी, पगार।
- स०अ०नि० सिद्धेश्वर पंडित, केरेडारी थाना।
- केरेडारी थाना एवं पगार ओपी के सशस्त्र बल।
- तकनीकी शाखा एवं संगठित अपराध शाखा के पुलिस अधिकारी व कर्मी।

No comments
Post a Comment