प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में हिंदी दिवस सप्ताह समारोह: हिंदी के व्यापक उत्थान पर बल, डॉ. प्रमिला गुप्ता की पुस्तक ‘आम्रपाली’ का विमोचन
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय सभागार में शुक्रवार को हिंदी दिवस सप्ताह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने की, जबकि संत कोलंबा कॉलेज के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. विजयकांत दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान भाषाविदों एवं साहित्यकारों ने हिंदी भाषा की महत्ता, उसकी समृद्ध ऐतिहासिक परंपरा तथा वर्तमान डिजिटल युग में हिंदी के व्यावहारिक उपयोग पर विस्तार से विचार साझा किए।
![]() |
| Divisional Commissioner Vijay Kumar Gupta and dignitaries releasing book Amrapali during Hindi Diwas celebration in Hazaribagh |
कार्यालयीन कार्यों और डिजिटल तकनीक में हिंदी को बढ़ावा जरूरी: प्रमंडलीय आयुक्त
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि हिंदी हमारी कार्यसंस्कृति, जनसंवाद और भावनात्मक जुड़ाव का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सरकारी कार्यालयों के दैनिक कामकाज में हिंदी का अधिकाधिक, सरल और सहज उपयोग होना चाहिए। इसके साथ ही सूचना क्रांति और डिजिटल युग की आधुनिक तकनीकों, सॉफ्टवेयर व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए सामूहिक और निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।
![]() |
| Imege_2 |
सांस्कृतिक चेतना और भावनाओं की अभिव्यक्ति है हिंदी: डॉ. विजयकांत दुबे
मुख्य अतिथि डॉ. विजयकांत दुबे ने राष्ट्रभाषा और राजभाषा के संवैधानिक व व्यावहारिक अंतर को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि नाथ परंपरा के संतों और युगीन साहित्यकारों ने हिंदी को समृद्ध बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। संस्कृत की मजबूत भाषायी नींव पर टिकी हिंदी केवल बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और विचारों की आत्माभिव्यक्ति है।
डॉ. प्रमिला गुप्ता की कृति ‘आम्रपाली’ का हुआ विमोचन
समारोह के दौरान डॉ. प्रमिला गुप्ता द्वारा रचित ऐतिहासिक पुस्तक ‘आम्रपाली’ का औपचारिक विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। लेखिका ने बताया कि यह पुस्तक एक ऐतिहासिक स्त्री के जीवन, उसके आंतरिक संघर्षों, सामाजिक पीड़ा और गरिमा को रेखांकित करती है।
काव्य गोष्ठी व विचार सत्र में साहित्यकारों ने बांधा समां
आयोजन के साहित्यिक सत्र में कवियों और साहित्यकारों ने अपनी कविताओं, ग़ज़लों और रचनाओं से सभागार को हिंदीमय बना दिया। कार्यक्रम में गोपाल शरण गुप्ता, बलदेव पांडेय, शकील पाठक, पूनम त्रिवेदी, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. फराद हुसैन, तनवीर आलम, श्रुति मंजरी और अरविंद तिवारी ने अपनी सारगर्भित प्रस्तुतियों से हिंदी की गरिमा को रेखांकित किया।
इस अवसर पर आयुक्त की सचिव सह परिवहन सचिव सुजाता कुजूर, राजभाषा उपनिदेशक प्रियंका श्रीवास्तव सहित आयुक्त कार्यालय के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्ध साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें