जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह सहित 4 की मौत, खड़े ट्रेलर से टकराई कार
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
जमशेदपुर / रांची (न्यूज़ प्रहरी):
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पहले से खराब खड़े एक बड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह सहित चार युवक-युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई।
![]() |
| Horrific car accident site near marine drive in Sonari Jamshedpur where four youths died |
मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रेलर में जा घुसी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव मार्ग पर हुई। बताया जाता है कि एक ट्रेलर बुधवार की रात से ही तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। गुरुवार की अहले सुबह तेज गति से आ रही कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। दुर्घटनाग्रस्त कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिससे शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान निम्न रूप में हुई है:
- तृषा सिंह (ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री)
- सार्थक अग्रवाल
- नमन गुप्ता
- वंशिका खंडेलवाल
घटना में कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने जताया गहरा शोक
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह एवं अन्य मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वहीं राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी हादसे पर गहरा शोक जताया और इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें