बड़कागांव: सिकरी में वज्रपात का कहर, खेत में काम कर रहे 45 वर्षीय किसान झमन महतो की दर्दनाक मौत
बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिकरी (जमनीडीह) गांव में बुधवार शाम कुदरत का कहर टूटा। हल्की बारिश के बीच अचानक हुए भीषण वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से 45 वर्षीय किसान झमन महतो की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
![]() |
| Badkagaon community health centre after farmer Jhaman Mahto died due to lightning strike in Sikri |
खेत में धान की रोपनी के लिए हल जोत रहे थे झमन महतो
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम लगभग 4:00 बजे झमन महतो अपने खेत में धान की खेती के लिए खेत तैयार कर रहे थे। उसी दौरान मौसम बदला और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी बीच अचानक जोरदार गर्जन के साथ आकाशीय बिजली सीधे झमन महतो पर गिर पड़ी, जिससे वे मौके पर ही झुलसकर अचेत हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के तुरंत बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी
घटना की सूचना बड़कागांव पुलिस को दे दी गई है। पुलिस की निगरानी में शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन के तहत उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
Source of Information: क्षेत्रीय संवाददाता एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बड़कागांव, हजारीबाग (दिनांक: 05.08.2026)

No comments
Post a Comment