महाषष्ठी पर सांसद मनीष जायसवाल ने विष्णुगढ़ के विभिन्न दुर्गा मंडपों में टेका माथा: क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना; सात माइल चौक पर ‘बचत बाजार’ का किया उद्घाटन
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
विष्णुगढ़ / हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
शारदीय नवरात्र की महाषष्ठी के पावन अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने मांडू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विष्णुगढ़ प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा किया। सांसद ने विभिन्न दुर्गा मंडपों में पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
![]() |
| Hazaribagh MP Manish Jaiswal and Mandu MLA Nirmal Mahto offering prayers at Durga Puja pandal in Bishnugarh |
कोनार डैम व नरकी पूजा पंडाल में की विधिवत पूजा
भ्रमण के क्रम में सांसद मनीष जायसवाल ने कोनार डैम स्थित दामोदर घाटी निगम (DVC) द्वारा आयोजित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के भव्य पंडाल तथा नरकी पंचायत दुर्गा पूजा समिति के पूजा मंडप में शीश नवाया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की आरती उतारी और क्षेत्र में आपसी भाईचारे व खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान मांडू के विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो भी उनके साथ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पूजा समितियों द्वारा दोनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सात माइल चौक पर ‘बचत बाजार’ का उद्घाटन
धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत सांसद मनीष जायसवाल विष्णुगढ़ प्रखंड के सात माइल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने नवस्थापित व्यावसायिक प्रतिष्ठान ‘बचत बाजार’ का मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। सांसद ने प्रतिष्ठान का अवलोकन करते हुए संचालकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में ऐसे आधुनिक बाजारों के खुलने से स्थानीय लोगों को एक ही छत के नीचे किफायती दरों पर रोजमर्रा की सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सांसद व विधायक का आत्मीय स्वागत किया। मौके पर मुख्य रूप से मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, गोकुल कुमार, समय सिंह, अश्विनी कुमार, शालिनी गुप्ता, आशीष कुमार (बॉर्डर), शंभू लाल यादव, उप प्रमुख सुशील मंडल, संजय सोनी, वरुण, गोल्डन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पूजा समिति के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें