सड़क हादसे में घायल बीसीसीएल कर्मी प्रकाश कुमार महतो के निधन के बाद यूनियन ने प्रदर्शन किया। मृतक के भाई को मिला औपबंधिक नियोजन।
धनबाद/हजारीबाग:
तोपचांची प्रखंड अंतर्गत धावाटांड़ निवासी और बीसीसीएल (BCCL) के ब्लॉक-II क्षेत्र अंतर्गत एबीओसीपी माइन में जनरल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत प्रकाश कुमार महतो का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया।
![]() |
| बीसीसीएल के ब्लॉक-II क्षेत्र में वार्ता और समझौते के बाद जारी औपबंधिक नियोजन पत्र व दस्तावेज। (छायाचित्र: न्यूज़ प्रहरी) |
घटना की सूचना मिलते ही जेएलकेएम (JLKM) की मजदूर इकाई बीकेएमएस (BKMS) के अध्यक्ष अजय कुमार और युवा मोर्चा के वरीय उपाध्यक्ष आकाश वीरू के नेतृत्व में परिजनों एवं केंद्रीय श्रमिक संघों के प्रतिनिधियों ने एबीओसीपी परिसर में शव रखकर प्रदर्शन किया और कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को तत्काल न्याय और आश्रित को नियोजन देने की मांग उठाई।
प्रबंधन के साथ वार्ता और नियोजन पत्र जारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक वार्ता हुई। वार्ता के बाद प्रबंधन द्वारा त्वरित कदम उठाते हुए दिवंगत कर्मी के छोटे भाई विकास कुमार महतो को ट्रेनी (सरफेस) कैट-I के पद पर औपबंधिक (Provisional) नियोजन प्रदान करने पर सहमति बनी। इस संबंध में परियोजना पदाधिकारी कार्यालय, एकीकृत ब्लॉक-II उत्खनन परियोजना द्वारा पत्र भी जारी कर दिया गया है।
साथ ही, मृतक की माता गीता देवी को अन्य देय राशियों जैसे बेनेवोलेट फंड आदि के भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया गया। समझौते के बाद परियोजना का कार्य पुनः सुचारू रूप से शुरू हो गया। श्रमिक नेताओं ने कहा कि मजदूरों के हक और अधिकारों के लिए हर परिस्थिति में आवाज उठाई जाती रहेगी।
