होम राशिफल
YouTube
ई-पेपर राज्य चुनें
Editor EDITOR: NARESH PRASAD SONI
News Prahari
ताज़ा ख़बर लोड हो रही है...
\n
Dowry Death Allegation लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Dowry Death Allegation लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

हजारीबाग: हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

बड़ा बाजार बंगाली कॉलोनी में सनसनी: फ्लैट में फंदे से लटकी मिली महिला वकील, पति और सास-ससुर पर दहेज के लिए हत्या का केस दर्ज करने की मांग

हजारीबाग: शहर के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली कॉलोनी स्थित एक अपार्टमेंट में झारखंड उच्च न्यायालय (रांची) की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका का शव पंखे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से पति और सास-ससुर घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

Jharkhand High Court Advocate Anushka Chakraborty dowry death case Hazaribagh News Prahari

​मार्च 2024 में हुआ था विवाह

रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित बरियातू निवासी सुनील कुमार चक्रवर्ती ने बड़ा बाजार थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, उन्होंने अपनी पुत्री अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का विवाह 4 मार्च 2024 को बड़ा बाजार बंगाली कॉलोनी निवासी रुद्र राणा (पिता- दिनेश राणा) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। विवाह के समय अपनी सामर्थ्य के अनुसार 10 से 15 लाख रुपये के उपहार व सामान भी दिए थे।

​अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति रुद्र राणा, सास रीना राणा और ससुर दिनेश राणा द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर अनुष्का को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका ने कई बार अपने मायके में इसकी जानकारी दी थी, जिसके बाद परिजनों ने ससुराल जाकर समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।

​रातभर हुई मारपीट, सुबह फंदे से लटकता मिला शव

आवेदन में पिता ने उल्लेख किया है कि 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे अनुष्का ने फोन कर रोते हुए बताया कि उसके पति और सास-ससुर उसके साथ जमकर मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद देर रात करीब 2:40 बजे मां जिमी चक्रवर्ती ने फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला।

​सुबह अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने पड़ोसियों से संपर्क कर फ्लैट (फ्लैट नं. 304, गुप्ता अपार्टमेंट, बंगाली कॉलोनी) जाकर देखने का आग्रह किया। पड़ोसियों ने बताया कि दरवाजा बंद है और अंदर अनुष्का फंदे से लटकी हुई है।

​ससुराल वाले फरार, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही जब मायके वाले आनन-फानन में पहुंचे, तो देखा कि अनुष्का का शव पंखे से लटका हुआ था और उसके पैर जमीन को छू रहे थे। वहीं ससुराल पक्ष के सभी लोग घर से फरार थे। पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया है। पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972