हजारीबाग पुलिस का नशा तस्करों पर वज्रपात, लाखों की ब्राउन शुगर और विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, मुख्य पैडलर समेत आठ गिरफ्तार
हजारीबाग | हजारीबाग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक ही रात में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोर्रा और टाटीझरिया थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर और विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के सदस्यों की कमर तोड़ते हुए मुख्य पैडलर सहित कुल आठ तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी के अनुसार, पुलिस अधी
क्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के समीप कुछ संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई हेतु सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब नगवां हवाई अड्डा के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान की घेराबंदी की, तो वहां मौजूद युवक भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर सात युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 166.5 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर, 3,51,700 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिलें और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चतरा जिले का रहने वाला मुख्य पैडलर संतोष कुमार साव वहां से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के स्थानीय तस्करों के माध्यम से खपाने का कार्य करता था। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सावन कुमार, संतोष कुमार, प्रशांत कुमार, अनिल कुमार, योगेश प्रसाद और धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं, जो हजारीबाग और चतरा के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वहीं दूसरी ओर, शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेरते हुए टाटीझरिया पुलिस ने भी एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बौधा जंगल के रास्ते एक पिकअप वैन से शराब की तस्करी की जा रही है। दारू अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने जब जंगल में दबिश दी, तो एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी छोड़कर भागने का प्रयास किया, जिसे जवानों ने दौड़कर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लदी लगभग 60 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार तस्कर रामचंद्र साव ने स्वीकार किया कि वह इस खेप को टाटीझरिया से बिहार ले जाने की फिराक में था। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
हजारीबाग पुलिस के लिए जनवरी 2026 का महीना नशा विमुक्ति अभियान के दृष्टिकोण से अत्यंत सफल रहा है। पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो केवल इस माह में लोहसिंघना थाना क्षेत्र से 20.5 किलोग्राम अफीम, ईचाक व कोर्रा से 212.7 ग्राम ब्राउन शुगर और दारू थाना क्षेत्र से 48 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त चौपारण में लगभग 320 एकड़ में लगी अफीम की फसल को भी पुलिस ने नष्ट कर तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ दी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार के विरुद्ध यह जीरो टॉलरेंस की नीति भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगी।

No comments
Post a Comment