-->
होम राशिफल
YouTube
ई-पेपर राज्य चुनें
✥ Drag to Move
▶ WATCH
EDITOR: NARESH PRASAD SONI
--:--
...
🌤
--°C

HAZARIBAGH : सिंदूर-सियारी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सांसद मनीष जायसवाल की मौजूदगी में भव्य कलश यात्रा के साथ रुद्र महायज्ञ का शंखनाद

हजारीबाग के सिंदूर-सियारी में शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का भव्य शुभारंभ। कलश यात्रा में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल। जानिए 15 फरवरी तक चलने वाले का
0

HAZARIBAGH : सिंदूर-सियारी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, सांसद मनीष जायसवाल की मौजूदगी में भव्य कलश यात्रा के साथ रुद्र महायज्ञ का शंखनाद


हजारीबाग/विशेष संवाददाता
"हजारीबाग में कलश यात्रा में शामिल सांसद मनीष जायसवाल और श्रद्धालु।"


झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी हजारीबाग शुक्रवार को भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आई। शहर से सटे सिंदूर, सियारी (नवडीहा) स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में त्रिदिवसीय शिव प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ एक ऐतिहासिक और भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयघोष ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया।

आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम

यज्ञ के शुभारंभ पर निकाली गई कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति (महिलाएं), युवा और पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और शंखनाद के बीच यह यात्रा सिंदूर-सियारी मंदिर परिसर से आरंभ होकर जेल रोड होते हुए ऐतिहासिक हजारीबाग झील तक पहुंची। यहाँ विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरुण देव का आह्वान कर श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा और पुनः विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर प्रांगण में प्रवेश किया। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नगरवासियों ने इस धर्मयात्रा का आत्मीय स्वागत किया।

सांसद मनीष जायसवाल का भव्य स्वागत

इस धार्मिक महाकुंभ में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जेल रोड के समीप कलश यात्रा में सम्मिलित होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया। आयोजन समिति की बहनों ने सांसद को पारंपरिक तिलक-चंदन लगाकर उनका अभिनंदन किया, वहीं समिति के अन्य गणमान्य सदस्यों ने अंग-वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। सांसद ने शीश झुकाकर सभी कलश यात्रियों और आयोजकों का अभिवादन स्वीकार किया।

"धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता के सूत्रधार": मनीष जायसवाल

महायज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा, "ऐसे भव्य धार्मिक अनुष्ठान हमारी सनातन संस्कृति की जीवंत पहचान हैं। महायज्ञ केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम है। बाबा भोलेनाथ से मेरी यही प्रार्थना है कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र सदैव विकास, शांति और सद्भाव के पथ पर अग्रसर रहे।"

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा

आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि अनुष्ठान के दूसरे दिन शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा, विशेष पूजन और विशाल खीर भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, 15 फरवरी को 'शिव विवाह' और रात्रि में भव्य 'दीप यज्ञ' के साथ इस महायज्ञ की पूर्णाहूति होगी। प्रतिदिन संध्या बेला में आयोजित हो रहे प्रवचन और भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

इनकी रही सक्रिय भूमिका

इस महायज्ञ को सफल बनाने में अभिषेक कुमार पांडेय, पूजा कश्यप, शिव कुमार, रिंकू वर्मा, सुधीर कुमार, रवि राही, राजीव कुमार, गायत्री देवी, बबीता देवी, रेणु देवी, मधु पटेल, विंध्याचल देवी, निर्मला चौधरी और ममता सिंह सहित स्थानीय प्रबुद्ध जनों की भूमिका सराहनीय रही। इस अवसर पर सांसद के साथ उनके प्रतिनिधि द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह और मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

No comments

Post a Comment

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972