'श्रवण कुमार' बने सांसद मनीष जायसवाल: 60वां जत्था तीर्थ यात्रा पर रवाना; बरसोत के 65 बुजुर्गों के पांव पखार कर लिया आशीर्वाद
"बुजुर्गों की मुस्कान ही सबसे बड़ी पूंजी" — सांसद ने बरही के बरसोत पंचायत से श्रद्धालुओं को दिखाई हरी झंडी; भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे।
बरही (हजारीबाग)। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के बुजुर्गों के लिए आस्था का सारथी बना 'सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान' अपने 60वें पड़ाव पर पहुँच गया है। गुरुवार की देर शाम बरही विधानसभा क्षेत्र के बरसोत पंचायत से 65 श्रद्धालुओं का जत्था तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुआ। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने खुद उपस्थित होकर सभी श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाई और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
![]() |
| Saansad Tirth Yatra |
![]() |
| Manish Jaiswal saansad |
सांसद ने पखारे बुजुर्गों के पांव, भावुक हुए लोग
विदाई समारोह के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला जब सांसद मनीष जायसवाल ने यात्रा पर जा रहे वृद्ध महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के पांव पखार कर उनका आशीर्वाद लिया। सांसद के इस सेवा भाव को देख वहां मौजूद ग्रामीण और परिजन भावविभोर हो गए। पूरा क्षेत्र 'जय श्रीराम' और धार्मिक उद्घोषों से गूंज उठा।
जनसेवा और आस्था का महासंगम
इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस अभियान का एकमात्र उद्देश्य उन बुजुर्गों का सपना साकार करना है, जो आर्थिक कारणों या संसाधनों के अभाव में पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा, "बुजुर्गों के चेहरे पर आने वाली मुस्कान और उनका आशीर्वाद ही मुझे जनसेवा की शक्ति देता है। अब तक 59 जत्थे सफल यात्रा कर चुके हैं और यह कारवां आगे भी अनवरत जारी रहेगा।"
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, सांसद प्रतिनिधि अजय साव, मुकुंद साव, रंजीत चंद्रवंशी, मुखिया मोतीलाल चौधरी और मुखिया संघ अध्यक्ष विजय यादव सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने माला पहनाकर और तिलक लगाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।


No comments
Post a Comment