विष्णुगढ़ के 'गोल्डन बॉय' रौशन कुमार का जलवा: नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम में चयन; 11 मई को मेघालय के खिलाफ दिखाएंगे दम
स्पोर्ट्स दुकान चलाने वाले पिता और गृहिणी मां के बेटे ने बढ़ाया मान; छत्तीसगढ़ में आयोजित अंडर-20 मेंस नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व।
विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, इसे सच कर दिखाया है विष्णुगढ़ प्रखंड के उच्चाघना निवासी रौशन कुमार ने। रौशन का चयन छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली अंतरराजकीय (नेशनल) फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड की अंडर-20 टीम में किया गया है। एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले रौशन की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
![]() |
| Golden Boy Roshan Kumar |
स्पोर्ट्स दुकान चलाने वाले पिता का सपना किया साकार
रौशन के पिता रामकिशुन कुमार विष्णुगढ़ में एक छोटी सी स्पोर्ट्स की दुकान चलाते हैं। खेल के प्रति पिता की इसी रुचि ने रौशन को फुटबॉल के मैदान तक पहुँचाया। उनकी मां उर्मिला देवी, जो एक कुशल गृहिणी हैं, बेटे के चयन से भावुक और गौरवान्वित हैं। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मेरा बेटा राज्य के लिए खेलेगा। मेरा आशीर्वाद पूरी टीम के साथ है।"
कोलकाता में बिखेरा है जलवा
रौशन पिछले तीन वर्षों से कोलकाता के प्रतिष्ठित यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के लिए खेल रहे हैं। वहाँ उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए ही उन्हें झारखंड की राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। आगामी 11 मई को झारखंड की टीम अपना पहला मुकाबला मेघालय के विरुद्ध खेलेगी।
बधाइयों का तांता
रौशन की इस सफलता पर जेएलकेएम (JLKM) के केंद्रीय महासचिव महेंद्र प्रसाद महतो (माही पटेल), बड़े भाई राहुल कुमार, और बी.एफ.सी. की पूरी टीम सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

No comments
Post a Comment