दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झामुमो का जोरदार प्रदर्शन: हजारीबाग जिला परिषद चौक पर फूंका केंद्र सरकार का पुतला
हजारीबाग: देश की राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) हजारीबाग जिला समिति ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
![]() |
| Hazaribagh JMM Protest: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ झामुमो ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला! |
झामुमो जिला कार्यालय से जुलूस निकालकर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जिला परिषद चौक पहुंचे, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
"लाठीचार्ज केंद्र सरकार की छात्र विरोधी मानसिकता का प्रतीक": संजीव बेदिया
पुतला दहन के दौरान झामुमो के जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, नीट (NEET) परीक्षा तथा सीबीएसई मूल्यांकन में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस बल प्रयोग करना केंद्र सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है। देशभर के विद्यार्थियों में असंतोष व्याप्त है, लेकिन सरकार समाधान निकालने के बजाय आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
"छात्रों के साथ खड़ी है झामुमो, हो निष्पक्ष जांच": नीलकंठ महतो
झामुमो जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता की कमी और लगातार बढ़ती अनियमितताओं से छात्रों व अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराए और दोषी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों पर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर दमनात्मक कार्रवाई करने के बजाय सरकार को तुरंत संवाद स्थापित करना चाहिए।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
विरोध प्रदर्शन में झामुमो के केंद्रीय सदस्य यासीन खान, गौरव पटेल, राजा मोहम्मद, सुनील शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रंजीत मेहता, नईम राही, दीपक राय, जिला प्रवक्ता कुणाल यादव, जिला सह सचिव अब्दुल्ला खान, राजदेव यादव, कौशर अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, नजीर अहमद, राजेश मेहता, नवीन प्रकाश, श्वेता दुबे, करिश्मा कुमारी, खुर्सिदा नाज़, जुलेखा खातून सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और छात्र-नौजवान शामिल थे।

No comments
Post a Comment