-->
होम राशिफल
YouTube
ई-पेपर राज्य चुनें
EDITOR: NARESH PRASAD SONI
--:--
...
🌤
--°C

Katkamsandi News: कंचनपुर में खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर गिरी आकाशीय बिजली, बासुदेव महतो और दुलिया देवी की दर्दनाक मौत

​कटकमसांडी के कंचनपुर में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात से पति-पत्नी (बासुदेव महतो व दुलिया देवी) की मौत। गांव में पसरा मातम।
0

 

कटकमसांडी: खेत में काम करने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, कंचनपुर गांव में पसरा सन्नाटा

कटकमसांडी (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत पेलावल थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में गुरुवार शाम कुदरत का भीषण कहर टूटा। खेत में काम करने के दौरान अचानक हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक ही परिवार के दंपत्ति की दर्दनाक असामयिक मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद पूरे गांव में मातम और शोक की लहर दौड़ गई है।

MP Media Representative Ranjan Chaudhary consoling family members of lightning strike victims in Hazaribagh

​मृतकों की पहचान कंचनपुर निवासी बासुदेव महतो (उम्र लगभग 62 वर्ष) एवं उनकी पत्नी दुलिया देवी (उम्र लगभग 56 वर्ष) के रूप में की गई है।

पेड़ के पास काम करने के दौरान सीधे गिरी आकाशीय बिजली

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दोनों पति-पत्नी कंचनपुर स्थित संत अगस्टिन स्कूल के पीछे पुरुभर नामक स्थान पर जामुन के पेड़ के पास अपने खेत में कार्य कर रहे थे। उसी दौरान मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। इसी बीच अचानक कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे दोनों पर गिर पड़ी, जिससे घटनास्थल पर ही तड़प-तड़पकर दोनों की मौत हो गई।

अस्पताल पहुंचे सांसद मीडिया प्रतिनिधि, पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी अनिल कुमार कुशवाहा ने हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सांसद के निर्देश पर उनके मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।

​सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत करा दिया है। आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित सरकारी मुआवजा व आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।

इकलौता बेटा मुंबई में करता है काम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​मृतक दंपत्ति का इकलौता बेटा काम के सिलसिले में मुंबई में रहता है। माता-पिता की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए कंचनपुर गांव ले जाया जाएगा।

​घटना की सूचना पर अस्पताल एवं गांव में भाजपा कटकमसांडी पूर्वी मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, कंचनपुर के पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा, जिला परिषद प्रतिनिधि मनीष ठाकुर, अनिल कुमार कुशवाहा, मनोज कुशवाहा, कृष्णा महतो, सुरेश महतो, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

  • Source of Information: पेलावल थाना क्षेत्र / कटकमसांडी ग्राउंड रिपोर्ट एवं सांसद मीडिया कार्यालय, हजारीबाग (दिनांक: 06.08.2026)

No comments

Post a Comment

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972