व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े मामलों पर संबंधित विभागों को दिए जांच के आदेश; अनावश्यक देरी करने वाले अफसरों पर होगी कार्रवाई।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने मंगलवार (27 अक्टूबर 2026) को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपायुक्त के समक्ष सीधे अपनी बात रखी और आवेदन सौंपे।
![]() |
| समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनते उपायुक्त हेमन्त सती। |
उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की विस्तृत जानकारी ली। प्राप्त आवेदनों को तत्काल संबंधित विभागों और संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए नियमों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
त्वरित समाधान योग्य मामलों को प्राथमिकता
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का तत्काल अथवा स्थानीय स्तर पर समाधान संभव है, उन्हें पहली प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। किसी भी मामले के निष्पादन में बेवजह की देरी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई।
उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार आम जनता को सीधे अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है, और प्रशासन जनसमस्याओं के निवारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें