उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: दारू के हरली में किराए के मकान से 2198 लीटर अवैध नकली विदेशी शराब बरामद, 251 पेटियां जब्त कर मकान मालिक को भेजा जेल
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
दारू / हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
हजारीबाग जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उपायुक्त हेमंत सती के सख्त निर्देश पर उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दारू प्रखंड अंतर्गत ग्राम हरली में औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध नकली विदेशी शराब की खेप जब्त की है।
![]() |
| Excise department team with seized cartons of illegal duplicate foreign liquor in Daru block Hazaribagh |
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि दारू प्रखंड के हरली गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद के मकान में अवैध विदेशी शराब का बड़ा स्टॉक छिपाकर रखा गया है। सूचना का त्वरित सत्यापन करते हुए जब टीम ने मकान में दबिश दी, तो वहां से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 251 पेटियां यानी 2198 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान जब्त शराब में कई चर्चित ब्रांड्स के नकली उत्पाद शामिल पाए गए, जिनमें प्रमुख रूप से:
- रॉयल चैलेंज (Royal Challenge)
- रॉयल मेंशन गोल्ड (Royal Mansion Gold)
- पाब्लो (Pablo)
- ओल्ड मॉन्क (Old Monk)
- ऑफिसर्स चॉइस (Officer's Choice)
- रॉयल स्टैग (Royal Stag)
दो मुख्य सरगना चिन्हित, मकान मालिक लक्ष्मण प्रसाद गिरफ्तार
जांच और पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि श्रवण सुंडी और दारू प्रखंड के रामदेव खरिका निवासी धनेश्वर महतो इस अवैध धंधे के मुख्य संचालक हैं। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि इन दोनों ने लक्ष्मण प्रसाद के मकान को किराए पर लेकर अवैध शराब के भंडारण और री-पैकेजिंग का अड्डा बना रखा था।
छापेमारी के समय दोनों मुख्य अभियुक्त मौके से फरार पाए गए। उत्पाद विभाग ने मकान में अवैध गतिविधि संचालित कराने के आरोप में मकान मालिक लक्ष्मण प्रसाद को हिरासत में लेकर विधिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। फरार दोनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
अभियान में ये रहे शामिल
सहायक उत्पाद आयुक्त के कुशल मार्गदर्शन में संचालित इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के अधिकारी कुलदीप कुमार, अभिषेक कुमार सहित सशस्त्र बल व विभागीय कर्मी शामिल रहे।
जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने दो टूक चेतावनी दी है कि जिले में नकली व अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, तस्करी और बिक्री में लिप्त किसी भी माफिया या सहयोगी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

