हजारीबाग नगर निकाय चुनाव: भाजपा का झामुमो सरकार पर तीखा प्रहार, विकास ठप करने और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, सुदेश जी के पक्ष में किया जीत का दावा
हजारीबाग: झारखंड में नगर निकाय चुनावों का बिगुल बज चुका है और हजारीबाग में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आगामी २३ तारीख को होने वाले नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने हजारीबाग सांसद कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, दिनेश सिंह राठौर और वर्तमान जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह के साथ-साथ मेयर पद के सरल और कर्मठ उम्मीदवार सुदेश मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने एकजुट होकर हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और स्थानीय नौकरशाही पर तीखा हमला बोला और हजारीबाग के विकास को लेकर अपना विजन जनता के सामने रखा।
![]() |
| "BJP Press Conference" |
प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पिछले तीन वर्षों से नगर निकाय चुनावों को टाल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद के सहयोग से चल रही यह सरकार जनता के दबाव और हाई कोर्ट की फटकार के बाद चुनाव कराने को मजबूर हुई है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार डरी हुई है, इसी कारण वे पार्टी सिंबल पर चुनाव कराने से बच रहे हैं। राज्य में कोयला, बालू और जमीन माफियाओं का स्वर्ण युग चल रहा है। भाजपा ने सुदेश जी जैसे एक जमीनी और निष्ठावान कार्यकर्ता को मैदान में उतारा है, जो एक मजबूत विचार और सिद्धांत को लेकर वर्षों से जनता के बीच काम कर रहे हैं। पार्टी अपना संकल्प पत्र घर-घर पहुंचा रही है, जिसे जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों के झारखंड को बचाने का एक उलगुलान साबित होगा।
सांसद मनीष जायसवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय मुद्दों और नौकरशाही की मनमानी पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल से नगर निगम का बोर्ड भंग होने के कारण अधिकारियों ने मनमानी तरीके से काम किया है। उन्होंने हजारीबाग की ऐतिहासिक झील का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कंक्रीट की नालियां बनाई जा रही हैं, जिससे पूरे शहर का गंदा पानी झील में जाएगा और वह प्रदूषित हो जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने विद्युत शवदाह गृह के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। सांसद ने बताया कि बोर्ड ने इसके निर्माण का सही निर्णय लिया था, लेकिन नौकरशाही ने घटिया तकनीक का इस्तेमाल किया और अब ठेकेदार तथा विभाग के बीच कमीशन और पेमेंट के विवाद के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना अटकी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का विकास राज्य और केंद्र के फंड से होता है, लेकिन राज्य सरकार ने बजट रोक कर पूरी व्यवस्था को पंगु बना दिया है।
विरोधी दलों द्वारा दी जा रही चुनौतियों के सवाल पर सांसद मनीष जायसवाल ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उनके उम्मीदवार को किसी से कोई खतरा नहीं है। भाजपा अकेले चलने वाली पार्टी है जो हजारीबाग की जनता के दिलों में बसती है। उन्होंने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे सीने पर हाथ रखकर बताएं कि पंद्रह साल पहले के हजारीबाग और आज के हजारीबाग में विकास हुआ है या नहीं। भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की है कि वे विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार को अपना आशीर्वाद दें, ताकि शहर का रुका हुआ विकास फिर से तेज गति से आगे बढ़ सके।

No comments
Post a Comment