इचाक जमीन घोटाले की जांच तेज, उग्र आंदोलन की चेतावनी से प्रशासन में हड़कंप
SDO और LRDC ने खंगाले दस्तावेज, 10 दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर आर-पार की जंग का ऐलान
इचाक (हजारीबाग): झारखंड के इचाक अंचल में जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी जमाबंदी का मामला अब विस्फोटक मोड़ पर पहुंच गया है। पूर्व अंचल अधिकारी रामजी प्रसाद गुप्ता के कार्यकाल के दौरान हुए संदिग्ध भूमि हस्तांतरणों की जांच करने सोमवार को हजारीबाग के SDO (अनुमंडल पदाधिकारी) और LRDC (भूमि सुधार उप समाहर्ता) स्वयं प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों की इस सक्रियता ने भू-माफियाओं और भ्रष्ट तंत्र में खलबली मचा दी है।
![]() |
| अंचल कार्यालय इचाक के समक्ष युवा नेता गौतम कुमार एवं स्थानीय ग्रामीण। |
रैयतों का फूटा गुस्सा: फाइलों में कैद है हक
जांच के दौरान बड़ी संख्या में पीड़ित रैयत अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण उनकी पुश्तैनी जमीनों पर फर्जी तरीके से दूसरे लोगों का कब्जा कराया जा रहा है। आदर्श युवा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम कुमार ने इस दौरान एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि पिछले 8-9 वर्षों से 'पंजी-2' चोरी होने का नाटक चल रहा है। SIT गठित हुई लेकिन आज भी महत्वपूर्ण दस्तावेज थाने में पड़े हैं।
गौतम कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा: "यदि अगले 10 दिनों के भीतर दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई और दाखिल-खारिज के लिए साप्ताहिक कैंप शुरू नहीं किए गए, तो इचाक की जनता हजारों एकड़ के इस महा-घोटाले के खिलाफ अनिश्चितकालीन और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।"
थाने में अटकी है 'पंजी-2', रैयत काट रहे चक्कर
निवर्तमान सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश मेहता ने भी अधिकारियों का ध्यान इस ओर खींचा कि चोरी हुई 'पंजी-2' बरामद होने के बावजूद अंचल कार्यालय वापस नहीं आई है। दस्तावेज थाना परिसर में धूल फांक रहे हैं और रैयत दफ्तरों के चक्कर लगाकर थक चुके हैं। मेहता ने मांग की कि अविलंब पंजी-2 को रिलीज कराकर अंचल कार्यालय लाया जाए और नए अंचल अधिकारी (CO) की नियुक्ति कर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाए।
प्रशासन का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारियों ने रैयतों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की सूक्ष्मता से पड़ताल की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments
Post a Comment