भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली ने दी सहमति पर हजारीबाग जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में बढ़े 102 नए मतदान केंद्र
हजारीबाग: मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के प्रस्ताव पर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से प्राप्त स्वीकृति के आलोक में जिले के चार प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों बरकट्टा, बरही, माण्डू और हजारीबाग में कुल 102 नए मतदान केंद्रों के गठन को मंजूरी दी गई है। इस वृद्धि के बाद जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या अब 1866 से बढ़कर 1968 हो गई है।
![]() |
| Pratikatmak chitra |
क्षेत्रवार विवरण के अनुसार, 25-हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 43 नए केंद्र जोड़े गए हैं, जिससे यहाँ केंद्रों की कुल संख्या 529 हो गई है। इसी प्रकार, 20-बरकट्टा में 25 नए केंद्रों के साथ अब कुल 495 केंद्र, 21-बरही में 21 नए केंद्रों के साथ कुल 421 केंद्र और 24-माण्डू में 13 नए केंद्रों के साथ अब कुल 523 मतदान केंद्र संचालित होंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आयोग द्वारा अनुमोदित इन नए मतदान केंद्रों के डेटा को तत्काल कंट्रोल टेबल में अपडेट करना सुनिश्चित करें। साथ ही, आम जनता की सुविधा और पारदर्शिता के लिए इन बदलावों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी चुनावों में मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो
नरेश सोनी प्रधान सम्पादक न्यूज़ प्रहरी।

No comments
Post a Comment