अंबा प्रसाद का भाजपा पर बड़ा हमला: 'नारी शक्ति' कार्ड को बताया चुनावी छलावा, कहा- लिपस्टिक के डिब्बे में नेलपॉलिश बेच रही है BJP
कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संवैधानिक अनुच्छेदों के जरिए भाजपा को घेरा; पूछा- जब 2023 में आरक्षण बिल पास हो चुका था, तो दोबारा प्रपंच क्यों
राँची। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने आज भाजपा के "महिला हितैषी" चेहरे पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे एक सनसनीखेज चुनावी छलावा करार दिया। राँची के कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने तथ्यों और संवैधानिक साक्ष्यों के साथ दावा किया कि भाजपा आगामी चुनावों में लाभ लेने के लिए जनता के बीच भ्रम फैला रही है।
![]() |
| Amba Ka Press Conference. |
संवैधानिक प्रावधानों पर भाजपा को घेरा
अंबा प्रसाद ने प्रधानमंत्री पर सीधा निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पारित हो चुका था और संविधान के अनुच्छेद 330A, 332A और 334A जोड़े जा चुके थे, तो चुनाव के ऐन वक्त पर विशेष सत्र बुलाकर फिर से नया प्रपंच रचने की क्या जरूरत थी? उन्होंने पूछा, "एक ही बिल को कितनी बार पेश किया जाएगा? क्या देश में कोई 'नेशनल क्राइसिस' था?"
लिपस्टिक और नेलपॉलिश का रोचक कटाक्ष
भाजपा के वादों पर कटाक्ष करते हुए अंबा प्रसाद ने कहा, "भाजपा महिलाओं को लिपस्टिक देने का वादा कर रही थी, लेकिन डिब्बे के अंदर नेलपॉलिश छिपाकर रखी थी। कांग्रेस ने उस नेलपॉलिश को भाजपा के ही होठों पर लगा दिया है ताकि उनका झूठ बोलना बंद हो सके। अगर वे फिर भी चुप नहीं हुए, तो हमारे पास कार्यक्रमों की कमी नहीं है।"
संविधान जागृति अभियान की शुरुआत
अंबा प्रसाद ने जनता से अपील की कि वे अपने मोबाइल पर संविधान की डिजिटल प्रति खोलकर सच देखें। उन्होंने स्पष्ट किया:
अनुच्छेद 330A व 332A: लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण की बात पहले ही दर्ज है।
अनुच्छेद 334A: यह स्पष्ट करता है कि आरक्षण 'जनगणना' और 'परिसीमन' के बाद ही प्रभावी होगा, जो वर्तमान में भाजपा की नियत पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की 70% ग्रामीण और कम शिक्षित आबादी का फायदा उठाकर उन्हें गुमराह कर रही है। अब कांग्रेस 'संविधान जागृति अभियान' के माध्यम से इस भ्रम जाल को तोड़ेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव गुंजन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई वरिष्ठ नेत्रियां उपस्थित रहीं।

No comments
Post a Comment