रामगढ़ में तीन दिवसीय क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेला संपन्न: बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई नवाचार की झलक, मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल ने की सराहना
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
रामगढ़ (न्यूज़ प्रहरी):
रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रामगढ़ के प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय गणित-विज्ञान मेला 2026-27 उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित मेले में झारखंड और बिहार प्रांत के विभिन्न सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों से चयनित प्रतिभावान भैया-बहनों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
![]() |
| MP Manish Jaiswal inspecting science models made by students at Saraswati Shishu Vidya Mandir in Ramgarh |
सांसद ने किया मॉडलों का अवलोकन, बढ़ाया उत्साह
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल उपस्थित रहे। सांसद ने मेले में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक एवं गणितीय मॉडलों, नवाचारी परियोजनाओं और प्रयोगों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली को समझा और उनकी वैज्ञानिक सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि इस प्रकार के विज्ञान और गणित मेले विद्यार्थियों में खोजी प्रवृत्ति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। यह मंच बच्चों की अंतर्निहित रचनात्मक प्रतिभा को निखारकर उन्हें भविष्य के आधुनिक भारत के निर्माण के लिए तैयार करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
शॉल व स्मृति-चिह्न भेंट कर सांसद का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं प्रबंधकारिणी समिति की ओर से मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल को अंगवस्त्र (शॉल) ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय अभिनंदन एवं नागरिक सम्मान किया गया।
समारोह में ये गणमान्य पदाधिकारी रहे उपस्थित
मेले के दौरान विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के राष्ट्रीय मंत्री ब्रह्मा जी राव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, प्रदेश सचिव नकुल शर्मा, विभाग निरीक्षक विवेक नयन, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष सुरेश बगड़िया, सचिव शंकर लाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल, अभिभावक प्रमुख गीता मेहता, विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद के प्रांत सहसंयोजक प्रवीण कुमार सोनू, पूर्व छात्र राजीव कुमार, शशि शर्मा, अनुज कुमार सहित विद्यालय के आचार्य, दीदीजी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें