हजारीबाग:
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड सहायक कारापाल शारीरिक दक्षता एवं मापदंड परीक्षा आगामी 28 अक्टूबर 2026 से 7 नवंबर 2026 तक हजारीबाग जिले के कर्जन ग्राउंड में प्रस्तावित है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
![]() |
| Hazaribagh SP Aman Kumar inspecting Curzon Ground ahead of the JSSC physical examination. (Photo: News Prahari) |
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कर्जन ग्राउंड का पहुंचकर स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक, पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर और बड़ा बाजार थाना प्रभारी मौजूद रहे।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के कड़े निर्देश
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, यातायात प्रबंधन और ड्यूटी संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी तथा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

