हजारीबाग:
हजारीबाग के उरिमारी स्थित आवास के बॉडीगार्ड क्वार्टर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया के सुरक्षा गार्ड (बॉडीगार्ड) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान निरंजन महतो के रूप में हुई है, जिनका शव खून से लथपथ अवस्था में बरामद किया गया है।
![]() |
| हजारीबाग के उरमारी स्थित आवास में बॉडीगार्ड की संदिग्ध मौत मामले पर जानकारी देते पुलिस अधिकारी. (छायाचित्र: न्यूज़ प्रहरी) |
एके-47 से चली गोली, दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे साथी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:00 से 10:30 बजे के बीच कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर बगल के कमरे में रह रहे दूसरे बॉडीगार्ड ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां निरंजन महतो का शव खून से लथपथ मिला। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गोली एके-47 राइफल से चली थी।
पुलिस और एफएसएल टीम कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग एसपी अमन कुमार और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को भी बुलाया है।
पुलिस इस बात की गंभीरता से जांच कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या हथियार साफ करने के दौरान गलती से गोली चलने की दुर्घटना का परिणाम है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
