सड़क, बिजली, पानी और नाली निर्माण के मुद्दों पर ग्रामीणों से सीधा संवाद; सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभुक तक पहुंचाने का दिलाया संकल्प।
कटकमसांडी (हजारीबाग): हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने मंगलवार (27 अक्टूबर 2026) को कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र के डांड, पिचरी, गौसी सहित कई गांवों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद साधा और उनकी समस्याओं, क्षेत्र में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की।
![]() |
| कटकमसांडी प्रखंड के गांवों में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद व अन्य गणमान्य। |
बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण व मरम्मत, नालियों के निर्माण, निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, जल निकासी और ग्रामीण संपर्क मार्गों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही ग्रामीणों ने पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ न पहुंचने और स्थानीय स्तर पर आ रही प्रशासनिक अड़चनों से भी विधायक को अवगत कराया।
"गांवों की वास्तविक जरूरतों के आधार पर होगा विकास"
ग्रामीणों की बातों को संवेदनशीलता से सुनते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान निकालना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांवों का वास्तविक विकास तभी संभव है जब जमीनी जरूरतों के आधार पर योजनाएं धरातल पर उतारी जाएं।
उन्होंने कहा कि जनचौपाल का मुख्य उद्देश्य जनता और प्रतिनिधि के बीच की दूरी को खत्म करना है, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। संबंधित विभागीय अधिकारियों से तालमेल बैठाकर इन समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।
दौरे के क्रम में विधायक ने कटकमसांडी प्रखंड के अपने विधायक प्रतिनिधि सुमन राय के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों और स्थानीय निवासियों से आत्मीय भेंटवार्ता भी की।
प्रमुख रूप से ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सुमन राय, रामकुमार मेहता, अशोक राणा, जिला उपाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य मंजू नंदनी, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुनेश ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष रीतलाल यादव, लीलो सिंह भोगता, वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर सिंह, बिजुल देवी, शंकर यादव, सुनील यादव, अजय तुरी, बबलू राणा, शिवम पाण्डेय, प्रीतम प्रजापति, श्यामलाल तुरी, रामनारायण राम, सुरेश मेहता, रवि यादव और विकास यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।





