DC और SP का 'एक्शन प्लान': अब हर शनिवार को 'थाना दिवस' और मंगलवार-शुक्रवार को 'अंचल दिवस' का आयोजन; अवैध कोयला और अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई
वेबिनार के जरिए अधिकारियों को मिले कड़े निर्देश; 10 दिनों का विशेष अभियान चलाकर काटे जाएंगे सूखे पेड़, नशाखोरी के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति।
हजारीबाग। जिले की विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संयुक्त समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जिले के सभी आला अधिकारी, अंचलाधिकारी (CO) और थाना प्रभारी शामिल हुए।
![]() |
| Hazaribagh Sp and DC. |
जमीन विवादों के लिए 'थाना' और 'अंचल' दिवस
जनता दरबार में आने वाले भूमि संबंधी विवादों को देखते हुए उपायुक्त ने एक बड़ा निर्णय लिया है। अब जिले के सभी प्रखंडों में:
प्रथम दो शनिवार: "थाना दिवस" का आयोजन होगा।
मंगलवार एवं शुक्रवार: "अंचल दिवस" आयोजित किया जाएगा।
यहाँ सीओ और थाना प्रभारी आपसी समन्वय से मौके पर ही स्थानीय मामलों की सुनवाई और निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
अवैध कोयला और नशाखोरी पर प्रहार
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अवैध कोयला परिवहन और नशाखोरी पर कड़ा रुख अपनाया है। एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और नशे के कारोबार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाए और नियमित छापामारी की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को एक प्लेटफार्म पर आकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
सूखे पेड़ों के लिए 10 दिनों का महाभियान
आंधी-तूफान के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और बिजली बाधित होने की समस्या को रोकने के लिए मंगलवार से 10 दिनों का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विद्युत तारों के पास स्थित सूखे पेड़ों और टहनियों की कटाई की जाएगी।
अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर
सरकारी भूमि की सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहाँ भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया जाए, वहां त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए।

No comments
Post a Comment