हजारीबाग:
आगामी दशहरा-2026 के पावन अवसर पर शहर में विधि-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को पुख्ता करने को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार से समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक औपचारिक पत्र सौंपकर पर्व के दौरान विशेष सुरक्षा प्रबंध करने की मांग की।
![]() |
| MP Representative Ranjan Chaudhary meeting with SP Aman Kumar regarding Durga Puja security in Hazaribagh. (Photo: News Prahari) |
प्रमुख आयोजन स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग
मुलाकात के दौरान रंजन चौधरी ने एसपी के समक्ष कई अहम बिंदु रखे। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले सांस्कृतिक आयोजनों, विशेषकर डांडिया और गरबा नाइट के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का आग्रह किया। पत्र में प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ महिला पुलिस बटालियन की तैनाती, शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर लाइव मॉनिटरिंग करने, छेड़छाड़ और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा सुचारू पार्किंग व भीड़ प्रबंधन की विशेष मांग की गई।
सांस्कृतिक आयोजनों की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने की अपील
रंजन चौधरी ने कहा कि डांडिया और गरबा जैसे सांस्कृतिक आयोजनों में बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और युवा शामिल होते हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन और आयोजकों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है ताकि सभी कार्यक्रम सुरक्षित और मर्यादित माहौल में संपन्न हो सकें।
उन्होंने आगे कहा कि मां दुर्गा के पूजनोत्सव पर इन सांस्कृतिक आयोजनों की पवित्रता और संस्कारों को अक्षुण्ण रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने आयोजकों, अनुमति देने वाले अधिकारियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि गरबा-डांडिया की आड़ में किसी भी प्रकार की फूहड़ता या अशोभनीय कृत्य को बढ़ावा न मिलने दें, ताकि मां भगवती की आराधना का यह पर्व कलंकित न हो।
एसपी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सांसद मीडिया प्रतिनिधि की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे स्वयं दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और डांडिया नाइट के दौरान शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
नोट (न्यूज़ प्रहरी संपादकीय): यह समाचार प्राप्त प्रेस विज्ञप्ति और आधिकारिक मुलाकातों की जानकारी पर आधारित है।
