-->
Editor: Naresh Prasad Soni
Follow Us: Facebook YouTube Instagram Twitter

जनता का विश्वास ही हमारी ताकत, हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता: जयराम महतो


जनता का विश्वास ही हमारी ताकत, हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता: जयराम महतो

नरेश सोनी विशेष सवाददाता

डुमरी। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने साल के अंतिम दिन जनसेवा की मिसाल पेश की। डुमरी प्रखंड के करियारी स्थित अपने वर्तमान आवास पर विधायक ने भव्य जनता दरबार का आयोजन किया, जिसमें क्षेत्र के कोने-कोने से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को साझा किया। इस दौरान विधायक ने न केवल लोगों की फरियाद सुनी, बल्कि अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देकर समस्याओं के त्वरित निष्पादन का मार्ग प्रशस्त किया।

जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने स्थानीय बुनियादी सुविधाओं, जमीन संबंधी विवादों और कल्याणकारी योजनाओं में हो रही देरी जैसे मुद्दों को बेबाकी से रखा। जयराम महतो ने प्रत्येक फरियादी की बातों को अत्यंत गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग के पदाधिकारियों से फोन पर सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट लहजे में निर्देशित किया कि आम जनता के कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों के दायरे में रहकर जनता को तुरंत राहत पहुंचाई जाए।

इस अवसर पर जयराम महतो ने कहा कि जनता का अटूट विश्वास ही उनकी असली राजनीतिक ताकत है और उनकी आवाज को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाना ही उनका मुख्य संकल्प है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वर्ष का अंतिम दिन हो या नया सवेरा, उनका संघर्ष क्षेत्र की जनता के हक और अधिकार के लिए निरंतर जारी रहेगा। जनता दरबार में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का प्रमाण रही कि विधायक के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनहित से जुड़े किसी भी मुद्दे पर वे पीछे नहीं हटेंगे और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

No comments

Post a Comment

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972