हजारीबाग क्रिकेट में नए युग की शुरुआत
सांसद मनीष जायसवाल बने चेयरमैन, राजीव सिंह के हाथों में अध्यक्ष की कमान
हजारीबाग: जिला क्रिकेट संघ (एचडीसीए) के इतिहास में शनिवार की शाम एक नया अध्याय जुड़़ गया। संजय सिंह क्रिकेट स्टेडियम की दुधिया रोशनी (फ्लड लाइट) के बीच आयोजित विशेष वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मति से एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल को अब संघ के 'चेयरमैन' की शीर्ष जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि उनकी जगह राजीव सिंह को निर्विरोध नया अध्यक्ष चुना गया है। इस निर्णय के साथ ही संघ को अब सांसद के अनुभव और नए अध्यक्ष की ऊर्जा का दोहरा लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान एक भावुक और निर्णायक पल तब आया जब सांसद मनीष जायसवाल ने अन्य खेल संघों को समय देने और अपनी राजनीतिक व्यस्तताओं का हवाला देते हुए स्वेच्छा से अध्यक्ष पद छोड़़ने की पेशकश की। उन्होंने सदन के पटल पर अपने इस्तीफे का प्रस्ताव रखा, लेकिन वहां मौजूद सदस्यों ने एक स्वर में इसे सिरे से खारिज कर दिया। संघ के सचिव राजेश तिवारी ने पिछले कार्यकाल में क्रिकेट के विकास में सांसद के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि संघ को उनके मार्गदर्शन की अभी सख्त जरूरत है। सदन की भावनाओं का सम्मान करते हुए सर्वसम्मति से यह फॉर्मूला निकाला गया कि मनीष जायसवाल अब चेयरमैन के रूप में संगठन को संरक्षण और दिशा देंगे, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
इसके उपरांत नई जिम्मेदारी संभालते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने अध्यक्ष पद के लिए राजीव सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने करतल ध्वनि और पूर्ण सर्वसम्मति से पारित कर दिया। अपने संबोधन में मनीष जायसवाल ने हजारीबाग क्रिकेट के भविष्य का खाका खींचते हुए कहा कि उनका एकमात्र सपना और लक्ष्य इस जिले की मिट्टी से ऐसी प्रतिभाओं को तराशना है जो भविष्य में नीली जर्सी पहनकर भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर सकें। अब नई टीम इस लक्ष्य को साधने के लिए नए जोश के साथ मैदान में उतरेगी।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें