हजारीबाग नगर निगम चुनाव 2026: मतगणना के दिन शहर में रूट डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक मैप
हजारीबाग मतगणना कल: इन रास्तों पर लगा पहरा, भारी वाहनों की एंट्री बंद; देखें प्रशासन की नई ट्रैफिक एडवाइजरी
हजारीबाग: नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। दिनांक 27 फरवरी 2026 को बाजार समिति परिसर में होने वाली मतगणना के दौरान भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, होमगार्ड चौक से सिन्दुर मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा!
शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए निर्देश:
बाहर से हजारीबाग शहर में आने वाले वाहनों के लिए नए मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नगवां मोड से सुबह 06:00 बजे के बाद मालवाहक और बसों का प्रवेश निषेध रहेगा. बरही की ओर से आने वाली बसें सिंघानी मोड़ और चानो होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगी. वहीं, सिन्दुर मोड़ से बाजार समिति की ओर जाने वाले दोपहिया और तिपहिया वाहनों को जेल मोड़ और झील रोड होकर डाइवर्ट किया गया है.
शहर से बाहर जाने वाले वाहनों के लिए रूट:
हजारीबाग शहरी क्षेत्र से बरही की ओर जाने वाले वाहनों को भी नए नियमों का पालन करना होगा। सुबह 06:00 बजे से डिस्ट्रिक मोड़ से भारी वाहनों का निकास बंद रहेगा. सभी बसें और चार पहिया वाहन अब पीटीसी चौक और कोरा होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे. छोटे वाहनों के लिए वीर कुवर सिंह चौक और बीसी आवास मोड़ से वैकल्पिक मार्ग (एस.पी. कोठी मोड़ और जेल मोड़) की व्यवस्था की गई है.
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

No comments
Post a Comment