बड़कागांव में फरार अभियुक्तों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ढोल-नगाड़ों की मुनादी के साथ चिपकाया गया इश्तेहार
बड़कागांव (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे तीन अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर शिकंजा कसा है। बड़कागांव थाना कांड संख्या 60/24 और 65/24 के तहत नामजद अभियुक्तों के घरों पर पुलिस टीम ने ढोल बजाकर मुनादी करवाई और अदालती इश्तेहार चस्पा किया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य फरार और आपराधिक किस्म के लोगों में हड़कंप मच गया है।
![]() |
| Barkagaon police posting court notice on houses of absconding accused in Devgarh Hazaribagh |
देवगढ़ गांव के रहने वाले हैं तीनों फरार अभियुक्त
पुलिस द्वारा जिन अभियुक्तों के खिलाफ यह कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है, वे सभी बड़कागांव थाना क्षेत्र के देवगढ़ गांव के निवासी हैं:
- गुड्डु गंझू उर्फ लंगड़ा (पिता– सुखलाल गंझू)
- मुकेश गंझू (पिता– रथों गंझू)
- तेली गंझू (पिता– स्वर्गीय नकल गंझू)
ये तीनों अभियुक्त पिछले कई समय से कानूनी प्रक्रियाओं से बचकर फरार चल रहे थे और न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहे थे।
चौक-चौराहों पर मुनादी, आत्मसमर्पण न करने पर होगी कुर्की
न्यायालय से निर्गत आदेश के आलोक में बड़कागांव थाना पुलिस टीम देवगढ़ गांव पहुंची। पुलिस ने विधिवत ढोल बजाकर पूरे गांव और आसपास के सार्वजनिक चौक-चौराहों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी करवाई। इसके पश्चात अभियुक्तों के पैतृक आवासों एवं गांव के सहज दृश्य सार्वजनिक स्थानों पर इश्तेहार चस्पा किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अभियुक्त निर्धारित समयावधि के भीतर माननीय न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो विधि सम्मत सख्त प्रावधानों के तहत आगे उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती (Property Attachment) की कार्रवाई की जाएगी।

No comments
Post a Comment