चलकुशा में पुलिस की पाठशाला: उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय में साइबर फ्रॉड, नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों पर छात्रों को किया गया जागरूक
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
चलकुशा / हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देशानुसार जिले के शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को अपराध और सामाजिक विसंगतियों के प्रति सचेत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चलकुशा थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक जागरूकता सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
![]() |
| Chalkusha police conducting awareness session on cyber fraud and drug de-addiction at upgraded plus two high school |
साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों पर गहन चर्चा
विद्यालय के शिक्षकों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए डिजिटल दौर में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के विभिन्न प्रकारों, जैसे ओटीपी शेयरिंग, फर्जी लॉटरी लिंक, अज्ञात वीडियो कॉल और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। छात्रों को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
इसके साथ ही समाज में पांव पसार रही विभिन्न सामाजिक कुरीतियों और नशीले पदार्थों के सेवन से शारीरिक, मानसिक व भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
छात्रों से की सजग प्रहरी बनने की अपील
थाना प्रभारी ने किशोरों व युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दें। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और सीखे गए सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें