-->
होम राशिफल
YouTube
ई-पेपर राज्य चुनें
✥ Drag to Move
▶ WATCH
Editor: Naresh Prasad Soni
Follow Us: Facebook YouTube Instagram Twitter

हजारीबाग के बड़कागांव में खूनी संघर्ष: आपसी रंजिश में स्कॉर्पियो से लोगों को कुचला, 2 की मौत, 6 घायल; मुख्य आरोपी समेत 7 गिरफ्तार

हजारीबाग के बड़कागांव (नापो खुर्द) में आपसी रंजिश के चलते एक दर्दनाक वारदात में स्कॉर्पियो से कुचलकर 2 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। हमले में 6 लोग
0

हजारीबाग के बड़कागांव में खूनी संघर्ष: आपसी रंजिश में स्कॉर्पियो से लोगों को कुचला, 2 की मौत, 6 घायल; मुख्य आरोपी समेत 7 गिरफ्तार

हजारीबाग। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नापो खुर्द में आपसी रंजिश के चलते एक बेहद खौफनाक और अमानवीय वारदात सामने आई है। बीती रात करीब 11 बजे दो गुटों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ा दी और फिर हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना में मौके पर ही 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मामले की जांच के लिए बड़कागांव पहुंचे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास साव समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बातचीत करने गए थे, अचानक स्कॉर्पियो से कुचला और तलवार से काटा

हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल के आईसीयू (ICU) में इलाजरत घायल रोहित गुप्ता ने घटना की खौफनाक आपबीती सुनाई। रोहित ने बताया कि वे लोग बातचीत करने के लिए आरोपी के घर के बाहर खड़े थे। तभी आरोपी पक्ष ने बिना कुछ सोचे-समझे अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी उन पर चढ़ा दी। टक्कर लगने के बाद रोहित बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो परिजनों ने बताया कि स्कॉर्पियो से कुचलने के बाद आरोपियों ने तलवार से हमला कर उनके दो साथियों को मौत के घाट उतार दिया। रोहित ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

तीर और लाठी-डंडों से हुआ जानलेवा हमला

इस घटना में एक अन्य घायल विनोद साव (जो पेशे से एक व्यवसायी के मुंशी हैं) भी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी विकास साव (पिता- बंधु साव) और उसके लोगों ने अचानक हमला कर दिया। विनोद के अनुसार, उन पर तीर से हमला किया गया जो उनके सिर (माथे) में लगा और उन्हें लाठी-डंडों से भी बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनका हाथ सूज कर नीला पड़ गया है।

विनोद साव ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं और घर में कमाने वाले वे अकेले हैं। इस हमले के कारण वे अगले दो-ढाई महीने तक काम करने में असमर्थ रहेंगे। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल में इलाजरत घायल एवं घटना के बाद बड़कागांव में न्याय की मांग करते आक्रोशित लोग।

अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाज, इलाके में तनाव

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्राप्त जानकारी के अनुसार:

एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

वर्तमान में 3 लोग हजारीबाग के अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से दो को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

इस निर्मम हत्या और जानलेवा हमले के बाद बड़कागांव इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय विधायक और पूर्व विधायक भी घटना को लेकर धरने पर बैठे नजर आए। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

No comments

Post a Comment

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972