टाटीझरिया में 17 माईल के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिकअप वैन से 60 कार्टून अवैध लॉटरी टिकट बरामद, तस्कर गिरफ्तार
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने अवैध लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 17 माईल के पास चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की पिकअप वैन से 30 बंडल (कुल 60 कार्टून) में रखी गई लाखों रुपये की अवैध लॉटरी टिकट बरामद की है। मौके से पिकअप चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
![]() |
| Tatijhariya police seized huge consignment of illegal lottery tickets from pickup van in Hazaribagh |
गुप्त सूचना पर 17 माईल के पास बिछाया गया जाल
07 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:10 बजे पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि हजारीबाग से टाटीझरिया होते हुए बगोदर की ओर पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट की खेप भेजी जा रही है। वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार टाटीझरिया थाना प्रभारी पु०अ०नि० इन्द्रजीत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागने की कोशिश
छापेमारी दल जैसे ही 17 माईल टाटीझरिया के समीप पहुंचा, हजारीबाग की ओर से आ रही एक सफेद रंग की पिकअप वैन दिखाई दी। पुलिस वाहन को सामने देख चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर भागने लगा। सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
तलाशी में मिले 90 हजार अवैध लॉटरी पेपर
पकड़े गए वाहन (पंजीयन संख्या JH02BW3718) के डाला की जब तलाशी ली गई, तो प्लास्टिक के बोरों से सील किए हुए 30 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल के अंदर 2 कार्टून यानी कुल 60 कार्टून बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टून में करीब 1500 पेपर और कुल 90,000 अवैध लॉटरी पेपर पाए गए, जिनमें विभिन्न नामों के 21-21 लॉटरी टिकट छपे हुए थे। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि वह यह अवैध खेप हजारीबाग से धनबाद ले जा रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- विकाश कुमार प्रजापति (उम्र करीब 27 वर्ष), पिता सोहन प्रजापति, साकिन सिलवार, थाना मुफस्सिल, जिला हजारीबाग
बरामद सामानों की सूची
- अवैध लॉटरी टिकट: 30 पेटी (कुल 60 कार्टून / 90,000 लॉटरी पेपर)
- सफेद रंग का पिकअप वाहन: 01 (JH02BW3718)
दर्ज हुआ मामला, भेजा गया जेल
इस संबंध में टाटीझरिया थाना कांड संख्या 48/26, दिनांक 08/09/2026, धारा 336(3)/336(4)/338/340(2)/318(4)/319(2)/112(2)/297(1) बीएनएस (BNS) एवं 7(3) लॉटरी (विनियमन) अधिनियम 1998 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
सफल कार्रवाई करने वाले दल में टाटीझरिया थाना प्रभारी पु०अ०नि० इन्द्रजीत कुमार, स०अ०नि० सतेन्द्र यादव तथा टाटीझरिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें