पदमा में रिटायर्ड शिक्षक पर फायरिंग मामला: पुलिस ने 24 घंटे के भीतर शूटर कृष्णा महतो को दबोचा, लोडेड इटालियन पिस्टल व कारतूस बरामद
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र अंतर्गत रिटायर्ड शिक्षक रामजय कुमार महथा पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य अपराधी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोडेड इटालियन पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, खोखा, मिसफायर गोली और मोटरसाइकिल बरामद की है।
![]() |
शेविंग कराकर लौटते वक्त दागी थीं दो गोलियां
घटना 06 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे की है। पदमा ओपी क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा घर के बाहर शेविंग कराने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ दो राउंड गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को तत्काल इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम जिहु में छापेमारी कर अपराधी कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो (उम्र 40 वर्ष, पिता जगदीश महतो, निवासी सूरजपुरा गली नंबर 01, पदमा) को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड पिस्टल बरामद हुई।
आपसी रंजिश में बदला लेने के लिए रची थी साजिश
कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त कृष्णा महतो ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा के साथ उसका पुराना आपसी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने 6 सितंबर की सुबह उन पर जानलेवा हमला किया था।
आरोपी का रहा है लंबा आपराधिक इतिहास
पकड़ा गया आरोपी कृष्णा महतो शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ बरही (पदमा), सरायकेला सहित विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम के तहत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं:
- बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 124/2020
- सरायकेला आरआईटी थाना कांड संख्या 13/2024
- बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 393/2020 (धारा 307 एवं डायन प्रथा अधिनियम)
- कोर्ट केस कांड संख्या 510/2014
बरामद सामानों की सूची
- पिस्टल: 01 (इटालियन)
- जिंदा गोली: 08
- मिस फायर गोली: 02
- खोखा: 02
- मोटरसाइकिल: 01
- मोबाइल फोन: 02
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
सफल उद्भेदन व गिरफ्तारी टीम में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही अंचल पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी थाना प्रभारी श्रवण कुमार, पुअनि आलोक कुमार सोरेन, पुअनि संदीप कुमार, पदमा ओपी का सशस्त्र बल तथा तकनीकी शाखा/संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल रहे।रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें