चौपारण में मोबाइल दुकान और वाहन चोरी मामले का 48 घंटे में खुलासा: 3 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान, स्विफ्ट कार व बाइक जब्त
नरेश सोनी, प्रधान संपादक
हजारीबाग (न्यूज़ प्रहरी):
हजारीबाग जिले की चौपारण थाना पुलिस ने सेलहारा चौक स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन करते हुए गिरोह के तीन सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए कई स्मार्टफोन, कीपैड मोबाइल, ब्लूटूथ स्पीकर, इनवर्टर-बैटरी के साथ घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार और चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
![]() |
| Chauparan police recovered stolen mobile accessories swift car and bike after arresting three criminals |
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
चौपारण थाना अंतर्गत 03 सितंबर 2026 को सेलहारा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान से सामान, मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था, जिसके संदर्भ में चौपारण थाना कांड संख्या 232/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। 07 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम सेलहारा में कुछ संदिग्ध अपराधी मौजूद हैं।
गठित छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही सोनू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने दो अन्य साथियों—पिंटू यादव और मंटू कुशवाहा के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- सोनू यादव (उम्र 19 वर्ष), पिता प्रकाश यादव, साकिन सेलहारा खुर्द, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग
- पिंटू यादव (उम्र 29 वर्ष), पिता काली यादव, साकिन सेलहारा खुर्द, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग
- मंटू कुशवाहा (उम्र 30 वर्ष), पिता स्वर्गीय शिव शंकर महतो, साकिन बरसोत, थाना बरही, जिला हजारीबाग
आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार पिंटू यादव के खिलाफ चौपारण थाना में जानलेवा हमला, दंगा और चोरी (कांड संख्या 379/23, धारा 307/379 सहित अन्य) का मामला पहले से दर्ज है। वहीं, मंटू कुशवाहा के विरुद्ध बरही थाना में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (कांड संख्या 26/21) का आपराधिक इतिहास रहा है।
बरामद सामानों का ब्योरा
- एंड्रॉयड, कीपैड और डमी मोबाइल फोन: 16 पीस
- मोबाइल चार्जर (डीसी व सामान्य): 09 पीस
- मोबाइल डिस्प्ले (स्क्रीन): 10 पीस
- टेम्पर्ड ग्लास: 29 पैकेट
- नेकबैंड व ब्लूटूथ स्पीकर: 08 पीस
- इनवर्टर-बैटरी एवं इन्फ्रारेड बोर्ड: 01-01 सेट
- बिना नंबर की लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (चोरी की): 01
- मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (JH02X-7452): 01
- अभियुक्तों के निजी मोबाइल फोन: 03 पीस
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
सफल उद्भेदन व जब्ती अभियान में चौपारण थाना प्रभारी पुनि पंकज कुमार, पुअनि विश्व प्रकाश, पुअनि सुबिन्द्र राय, सअनि मो. कमरउद्दीन, सअनि बादल कुमार महतो तथा चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें