विष्णुगढ़ में कुदरत का कहर: आंधी ने ली महिला की जान, सांसद मनीष जायसवाल ने की बिजली विभाग से मुआवजे की मांग
बनासो बुध बाजार में सब्जी बेच रही महिला पर मौत बनकर गिरा बिजली का पोल; बकसपुरा गांव में पसरा मातम
हजारीबाग (विष्णुगढ़): झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में बुधवार को प्रकृति के रौद्र रूप ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बनासो बुध बाजार में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब तेज आंधी और तूफान के कारण एक जर्जर बिजली का पोल वहां सब्जी बेच रही महिला पर गिर पड़ा। इस हृदयविदारक हादसे में ग्राम बकसपुरा निवासी सोहगी देवी (पति- गन्दौरी महतो) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
![]() |
| विष्णुगढ़ बनासो बाजार बिजली पोल हादसा और सांसद मनीष जायसवाल शोक संदेश |
मेहनतकश महिला की दर्दनाक विदाई मृतक सोहगी देवी स्थानीय हाट-बाजारों में सब्जी बेचकर अपने परिवार की आजीविका में हाथ बंटाती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार को बाजार अपनी गति से चल रहा था, तभी अचानक आए भीषण तूफान ने कहर बरपाया। बिजली का खंभा गिरने से महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।
सांसद मनीष जायसवाल ने जताया गहरा शोक घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे एक मर्मांतक घटना बताते हुए कहा कि एक मेहनतकश महिला का इस तरह असामयिक चले जाना समाज और उसके परिवार के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। सांसद ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुआवजे और सुरक्षा पर उठाए सवाल सांसद ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग को कटघरे में खड़ा करते हुए तत्काल संज्ञान लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा:
"यह घटना केवल प्राकृतिक आपदा नहीं है, बल्कि बुनियादी ढांचे की जर्जर स्थिति का परिणाम है। बिजली विभाग अविलंब पीड़ित परिवार को सम्मानजनक मुआवजा प्रदान करे। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें हर संभव मदद सुनिश्चित करेंगे।"

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें