दारू पुलिस की दबिश, रामदेव खारिका में आंगन की आड़ में पनप रहे ‘नशे के कारोबार’ पर प्रहार, 20 किलो जावा महुआ मौके पर विनष्ट
हजारीबाग। ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने अब अपनी कार्रवाई को और अधिक धारदार बना दिया है। इसी कड़ी में दारू थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घर की चहारदीवारी के भीतर चल रहे अवैध शराब निर्माण की तैयारियों पर पानी फेर दिया। दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन के कुशल नेतृत्व में पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के ग्राम रामदेव खारिका में औचक छापेमारी कर अवैध शराब माफियाओं के मंसूबों को विफल कर दिया।
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि उक्त गाँव में घरेलू स्तर पर अवैध महुआ शराब खपाने की तैयारी की जा रही है। इस सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने मंजू देवी, पति प्रदीप राम के आवास पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के आंगन में छिपाकर रखा गया करीब 20 किलोग्राम अवैध जावा महुआ बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद सामग्री को मौके पर ही विनष्ट कर दिया और शराब निर्माण की पूरी प्रक्रिया को प्रारंभिक चरण में ही ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस अब केवल सार्वजनिक स्थानों पर ही नहीं, बल्कि घरों के भीतर चोरी-छिपे चल रहे अवैध धंधों पर भी अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। थाना प्रभारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध नशामुक्ति के विरुद्ध यह अभियान अनवरत जारी रहेगा और समाज में नशा परोसने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस सक्रियता से स्थानीय अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।

No comments
Post a Comment