-->
होम राशिफल
YouTube
ई-पेपर राज्य चुनें
EDITOR: NARESH PRASAD SONI
--:--
...
🌤
--°C
Special Offer
🎙️ न्यूज़ प्रहरी रिपोर्टर बनें
क्या आप अपने क्षेत्र की आवाज बनना चाहते हैं?
मात्र 5 मिनट में अपनी पत्रकार ID एवं अपॉइंटमेंट लेटर प्राप्त करें!

हजारीबाग में हाई-लेवल पुलिस मीटिंग: रामनवमी और ईद को लेकर अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों और उपद्रवियों पर लगेगा NSA

हजारीबाग में IG सुनील भास्कर की हाई-लेवल मीटिंग। रामनवमी, सरहुल और ईद पर सुरक्षा कड़ी। असामाजिक तत्वों पर NSA व CCA लगाने के सख्त निर्देश।
0

हजारीबाग में हाई-लेवल पुलिस मीटिंग: रामनवमी और ईद को लेकर अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों और उपद्रवियों पर लगेगा NSA

हजारीबाग: आगामी रामनवमी, सरहुल और ईद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने तथा बोकारो जोन में अपराध पर नकेल कसने के लिए गुरुवार (12 मार्च 2026) को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

हजारीबाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आईजी सुनील भास्कर की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय पुलिस बैठक।

इस बैठक की अध्यक्षता उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक (IG)  सुनील भास्कर ने की। बैठक में बोकारो जोन के सभी वरीय पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया और विधि-व्यवस्था को लेकर कई अहम और सख्त फैसले लिए गए।

त्यौहारों में खलल डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

आईजी सुनील भास्कर ने आगामी पर्व-त्यौहारों (ईद, सरहुल और रामनवमी 2026) के मद्देनजर पुलिस को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं में शामिल जो भी अभियुक्त जमानत पर बाहर हैं, उन पर कड़ी नजर रखी जाए। त्यौहार का माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को पहले ही चिन्हित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक (Preventive) कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर पैनी नजर, अफवाह फैलाई तो खैर नहीं

आजकल माहौल बिगाड़ने में सोशल मीडिया का बड़ा हाथ होता है। इसे देखते हुए आईजी ने सभी जिलों की पुलिस को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स की 24 घंटे मॉनिटरिंग करने को कहा है। इंटरनेट पर अफवाह फैलाने वाले या भड़काऊ पोस्ट करने वाले लोगों को तुरंत चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संगठित अपराध और अवैध खनन पर NSA व CCA की तैयारी

बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने पर जोर दिया गया। आईजी ने निर्देश दिया है कि संगठित अपराध करने वाले गिरोहों, अवैध खनन में शामिल माफियाओं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) जैसी सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, नशाखुरानी और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोहों को चिन्हित कर उन पर भी CCA लगाने का आदेश दिया गया है।

महिला सुरक्षा और लंबित मामलों का त्वरित निपटारा

बैठक में महिलाओं के खिलाफ अपराध और अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) से संबंधित मामलों पर गंभीरता दिखाई गई। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर कांडों का निष्पादन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही:

विगत 6 महीनों में घटी महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं का त्वरित निष्पादन किया जाए।

जिले में पेंडिंग पड़े जमानती/गैरजमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाई जाए।

अपराध पर लगाम लगाने के लिए हर दिन नियमित रूप से 'एंटी क्राइम चेकिंग' अभियान चलाया जाए।

साइबर क्राइम और कोर्ट की सुरक्षा की हुई समीक्षा

बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा की नियमित समीक्षा करने और सुरक्षा के सभी मानकों को कड़ाई से लागू करने को कहा गया है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में हजारीबाग रेंज के DIG  अंजनी कुमार झा, कोयला क्षेत्र बोकारो के DIG  आनंद प्रकाश, धनबाद के SSP  प्रभात कुमार, हजारीबाग SP  अंजनी अंजन, बोकारो SP हरविंदर सिंह, गिरिडीह SP डॉ. विमल कुमार, रामगढ़ SP अजय कुमार, चतरा SP सुमित कुमार अग्रवाल, हजारीबाग सदर SDPO अमित आनंद, हजारीबाग ASP नागरगोजे शुभम भाउ साहब और कोडरमा मुख्यालय DSP रतीभान सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© 2025 News Prahari. All Rights Reserved. | Reg No: JH-11-0021972