हजारीबाग मेयर चुनाव: नामांकन के बाद प्रत्याशी टुन्नू गोप का बड़ा ऐलान, फुटपाथ दुकानदारों के लिए मल्टीलेवल मार्केट और स्वच्छ शहर बनाने का किया वादा
हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है और इसी क्रम में मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद प्रत्याशी टुन्नू गोप अपनी प्राथमिकताओं को जनता के सामने रखा है। नामांकन के बाद समर्थकों के हुजूम और फूलों की माला से लदे टुन्नू गोप ने मीडिया से बात करते हुए स्पष्ट किया कि भले ही निकाय चुनाव में किसी भी दल का आधिकारिक सिंबल इस्तेमाल नहीं हो रहा है लेकिन उन्हें संगठन और विचारधारा का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने स्वीकार किया कि संघ और भाजपा से जुड़े कई अन्य लोगों ने भी नामांकन किया है लेकिन उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद आपसी सहमति से एक मजबूत प्रत्याशी मैदान में रहेगा जो पार्टी के निर्णय का सम्मान करेगा।
शहर के विकास के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने हजारीबाग की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताई और शहर को गंदगी मुक्त करना अपना पहला कर्तव्य बताया। उन्होंने कहा कि जब वे दूसरे शहरों में जाते हैं तो वहां की सफाई देखकर अच्छा लगता है लेकिन अपने शहर की गंदगी और खुले नाले देखकर उन्हें पीड़ा होती है, इसलिए नालों को ढकवाना और कचरा प्रबंधन उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर है। इसके साथ ही उन्होंने शहर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम और फुटपाथ दुकानदारों की बदहाली को लेकर एक बड़ा विजन पेश किया है।
उन्होंने फुटपाथ दुकानदारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा बार-बार हटाए जाने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आता है और सड़क किनारे दुकानें लगने से ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने हजारीबाग में चार से पांच मंजिला एक भव्य मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का वादा किया है जहां सभी फुटपाथ दुकानदारों को सम्मानजनक स्थान दिया जाएगा। उनका मानना है कि इससे न केवल गरीबों की आजीविका सुरक्षित होगी बल्कि सड़कें अतिक्रमण मुक्त होंगी और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी व्यापक सुधार आएगा। चुनाव की आगे की रणनीति पर उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया बाकी है जिसके बाद चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

No comments
Post a Comment