हजारीबाग चुनाव: सांसद मनीष जायसवाल ने किया मतदान, वोटर लिस्ट की गड़बड़ी पर चुनाव आयोग को लिया आड़े हाथ
हजारीबाग:
हजारीबाग नगर निगम चुनाव के तहत चल रहे मतदान के बीच सांसद मनीष जायसवाल ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सांसद ने बालिका मध्य विद्यालय, कुम्हारटोली (नगर निगम, हजारीबाग) स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए जहां एक तरफ जनता से भारी संख्या में मतदान की अपील की, वहीं दूसरी तरफ चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल भी खड़े किए।
![]() |
| "हजारीबाग के बालिका मध्य विद्यालय, कुम्हारटोली मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाते सांसद मनीष जायसवाल।" |
एक ही परिवार दो वार्डों में कैसे बंटा?
मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने उनके परिवार का बंटवारा कर दिया है। सांसद ने स्पष्ट किया कि उनका पूरा परिवार वार्ड नंबर 28 का मतदाता है, लेकिन उन्हें अकेले किसी अन्य वार्ड की सूची में डाल दिया गया है।
उन्होंने गहरी चिंता जताते हुए कहा, "एक ही घर, जो वार्ड नंबर 28 में है... मैं अकेला व्यक्ति हूं जो इस वार्ड में आ गया। एक ही घर दो वार्ड में कैसे हो सकता है, यह बड़ा चिंता का विषय है"। उन्होंने कहा कि आमतौर पर व्यक्ति अपने परिवार के साथ वोट देने आता है, लेकिन आज अकेले आने पर उन्हें मलाल हो रहा है। सांसद ने चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों को नसीहत दी कि वोटर लिस्ट को संजीदगी से तैयार किया जाना चाहिए, ताकि आम मतदाताओं को अपना बूथ ढूंढने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर की सरकार और बुनियादी सुविधाओं के लिए करें वोट
इस गड़बड़ी के बावजूद, सांसद ने हजारीबाग वासियों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर की सरकार का गठन हमारे दैनिक जीवन से जुड़ा हुआ है। रोजमर्रा के कारोबार, शहर की स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी सभी बुनियादी जरूरतें इसी व्यवस्था पर निर्भर करती हैं।
उन्होंने मतदाताओं को संदेश दिया, "लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब लोकतंत्र के जितने भी प्रहरी हैं, वे सभी आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें... घरों से निकलिए, वोट दीजिए और एक अच्छे व्यक्ति को चुनिए ताकि वह आपकी सेवा कर सके"।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें