हजारीबाग के विष्णुगढ़ में मानवता शर्मसार! 11 वर्षीय बच्ची के साथ हैवानियत के बाद हत्या, इलाके में तनाव
हजारीबाग /विष्णुगढ़: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुंबा गांव में एक 11 वर्षीय मासूम बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बच्ची के साथ न केवल दुष्कर्म किया गया, बल्कि उसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
![]() |
| हजारीबाग के विष्णुगढ़ में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़। |
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका मंगलवार की रात गांव में आयोजित 'मंगला जुलूस' देखने गई थी। रात करीब 8 बजे के बाद वह अचानक लापता हो गई। काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रात भर ग्रामीण और परिजन उसे ढूंढते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बुधवार की सुबह गांव के ही स्कूल के पीछे बांस की झाड़ियों के पास बच्ची का शव बरामद हुआ।
निर्भया जैसी हैवानियत की आशंका
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, बच्ची की स्थिति बेहद दयनीय थी। ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, जो हैवानियत की इंतहा को बयां कर रहे थे। इस घटना की तुलना दिल्ली के चर्चित 'निर्भया कांड' से की जा रही है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे आरोपियों को तत्काल फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ (SDPO) वैधनाथ कांति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्तेजित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए 'शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज' हजारीबाग भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है।
एसडीपीओ वैधनाथ कांति ने मीडिया से बात करते हुए कहा
पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत के कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सके। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गांव में पसरा मातम, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इस घटना के बाद कुसुंबा गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों का कहना है कि वे अब अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।

No comments
Post a Comment