हजारीबाग:
आगामी दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी लगातार सक्रिय हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने संयुक्त रूप से बरही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों और रावण दहन स्थल का औचक निरीक्षण किया।
![]() |
हजारीबाग डीसी हेमंत सती और एसपी अमन कुमार बरही में पूजा पंडाल और रावण दहन स्थल का निरीक्षण करते हुए। (छायाचित्र: न्यूज़ प्रहरी)
इस दौरान अधिकारियों ने बरही चौक स्थित पूजा पंडाल, रसोइया धमना, धमना और बरही मैदान स्थित रावण दहन स्थल का दौरा किया और वहां की जा रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए गए निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, यातायात व्यवस्था, प्रवेश व निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, स्वयंसेवकों की तैनाती और साफ-सफाई जैसे अहम बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए।
बरही मैदान में होने वाले रावण दहन को लेकर डीसी ने परिसर की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), बैरिकेडिंग, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और सुरक्षा मानकों के पूर्ण पालन के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण त्योहार: डीसी
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियां प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पूजा समितियों से अपील की कि वे पुलिस और प्रशासन के साथ पूरा तालमेल बनाए रखें तथा भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
इस निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, बरही अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

























